नई दिल्ली : श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप में खेलने वाली तीन खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है, जिनमें दो खिलाड़ी टीम की अहम सदस्य रही थीं। हालांकि, एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली कई प्रमुख खिलाड़ियों को एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में बरकरार रखा गया है। श्रीलंका की कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर चमारी अट्टापट्टू को सौंपी गई है। उनकी अगुआई में टीम एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
श्रीलंका के लिए महिला एशिया कप में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली विशमी गुणारत्ने को एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं नीलाक्षिका सिल्वा ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ जीत में अहम योगदान दिया था, मगर एशियाई खेलों की टीम में वह जगह नहीं बना पाईं। इन दोनों के अलावा एशिया कप की टीम में वापस शामिल की गईं चेतना विमुक्ति को भी एशियन गेम्स के स्क्वाड में नहीं शामिल किया गया है।
एशियन गेम्स की टीम में दो युवा खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। 17 वर्षीय चमुदी प्रबोदा को पहली बार टीम में जगह मिली है, जबकि 19 वर्षीय रश्मिका सेववंदी को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है। इनके अलावा एशिया कप के लिए चुनी गई टीम की कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को भी एशियन गेम्स टीम में बरकरार रखा गया है। इनमें इमेशा दुलानी, हर्षिता समराविक्रमा, कवीशा दिलहारी, अनुष्का संजीवनी और हसिनी परेरा के नाम शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए श्रीलंकाई मिला टीम का स्क्वाड
चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना काविंदी, हंसिमा करुणारत्ने, हर्षिता समराविक्रमा, अनुष्का संजीवनी, कवीशा दिलहारी, हसिनी परेरा, कौशिनी नुत्यांगना, निमाशा मीपागे, सुगंदिका कुमारी, रश्मिका सेववंदी, चमुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या, काव्या काविंदी।
श्रीलंकाई महिला टीम एशियन गेम्स 2026 में 18 सितंबर को मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया गया है। प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, जापान, मलेशिया, चीन और थाईलैंड की टीमें शामिल हैं। भारतीय महिला टीम भी 18 सितंबर को जापान के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।


