एनएसटी न्यूज, भोपाल।
बीडीसीए द्वारा आयोजित एचएमजी कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंट माइकल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उड़ान क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से पराजित किया। मुकाबला डीपीएस खेल मैदान पर खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उड़ान क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर निर्धारित 48 ओवर में सभी विकेट खोकर 277 रन बनाए। टीम की ओर से युग सिंह ने 64 रन, साईं नमन ने 46 रन और अंश वर्मा ने 30 रन का योगदान दिया। सेंट माइकल की ओर से गेंदबाजी में मानवेन्द्र सिंह और अदीब अली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट माइकल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 48.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में भविष्य त्यागी ने नाबाद 124 रन की शतकीय पारी खेली। उनके साथ उमेद खान ने नाबाद 65 रन बनाकर महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। मानवेन्द्र सिंह ने भी 35 रन का योगदान दिया। उड़ान क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में शिखर, त्रिशान श्रीवास्तव और साईं नमन ने 1-1 विकेट हासिल किए। इस प्रकार सेंट माइकल ने रोमांचक मुकाबले में उड़ान क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। भविष्य त्यागी को उनके शानदार 124 रन और गेंदबाजी में 2 विकेट के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के दूसरे राउंड का अगला मुकाबला मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी और सिली पॉइंट क्रिकेट अकादमी के बीच सुबह 8 बजे से खेला जाएगा।


