हॉन्गकॉन्ग : भारत की रक्षिता रामराज ने गुरुवार को हॉन्गकॉन्ग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करते हुए टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन की चेन यू फेई को सीधे गेम में शिकस्त दी। कोयंबटूर की 19 वर्षीय रक्षिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यू फेई को 21-18, 24-22 से हराया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार जीत में से एक रही। अगले दौर में रक्षिता का सामना थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।
रक्षिता ने ओलंपिक चैंपियन को हराने वाली जीत को बताया करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि
रक्षिता ने शुरुआती दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को भी हराकर उलटफेर किया था। मैच के बाद रक्षिता ने कहा, मुझे लगता है कि यह मेरे करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत में से एक है। वह मेरी सबसे बड़ी आदर्श हैं और मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि मैंने उन्हें हरा दिया। यह मेरे बैडमिंटन करियर के सबसे यादगार दिनों में से एक रहेगा। मैं बहुत खुश हूं कि उनके खिलाफ मेरा मुकाबला इतना अच्छा रहा। मैंने जो भी शॉट खेले वे शानदार तरीके से काम आए। मैंने किसी भी समय हार नहीं मानी। मैं पूरी तरह सहज थी और अपने सभी शॉट खेल रही थी जो सफल रहे। मेरा आक्रमण काफी अच्छा रहा जिससे मुझे फायदा मिला।’’
इस बीच शानदार फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने भी जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई। बुधवार को चीन के हांगझोउ में होने वाले सत्र के अंतिम बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने वाले लक्ष्य ने डेनमार्क के रासमस गेम्के को 21-11, 21-18 से हराया। 25 वर्षीय लक्ष्य ने हाल में हाइलो ओपन और जापान में कुमामोतो मास्टर्स में लगातार खिताब जीते थे। उनका अगला मुकाबला आठवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।
सात्विक-चिराग की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की पुरुष युगल जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने नूर मोहम्मद अजरिन अयूब और टैन वी कियोंग की मलयेशिया की जोड़ी को 42 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। सात्विक और चिराग ने इस साल सिंगापुर और चीन में दो सुपर 750 खिताब जीते हैं। भारतीय जोड़ी अगले दौर में हू के युआन और लिन शियांग यी की चीन की जोड़ी से भिड़ेगी। चीन की जोड़ी ने काकेरू कुमागाई और हिरोकी निशी की जापान की जोड़ी को 21-19, 21-17 से हराया। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी को प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। लॉरेन लैम और एलिसन ली की अमेरिकी जोड़ी के खिलाफ 20-22, 13-21 से हारकर वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।


