रायपुर: बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 26 अक्टूबर 2026 से किया जा रहा है। टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपना सातवां मुकाबला 06 नवंबर 2026 को सूरत में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेला। इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर को 20 रनों से पराजित किया।
मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से नेहा बड़वाइक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 56 रन बनाए। वहीं, कप्तान कृति गुप्ता ने 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर की ओर से बिस्माह हसन और संध्या बलकर ने 2-2 विकेट हासिल किए।

139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। जम्मू-कश्मीर की ओर से चित्रा सिंह और शिवानी गुप्ता ने 41-41 रनों की पारी खेली, जबकि जासिया अख्तर ने नाबाद 20 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ की ओर से प्रीति यादव ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवरों में मात्र 8 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने जम्मू-कश्मीर की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह छत्तीसगढ़ ने 20 रनों से मुकाबला अपने नाम करते हुए टूर्नामेंट में एक और महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।


