नई दिल्ली: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को आखिरकार चीन का वीजा मिल गया है। नागल के वीजा को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था, और हाल ही में चीनी विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर प्रतिक्रिया भी दी थी। अब वीजा मिलने के बाद वह 24 नवंबर से चेंगदू में होने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन प्लेऑफ में भाग ले सकेंगे। सुमित नागल ने गुरुवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), विदेश मंत्रालय, चीन के राजदूत और भारत में चीन दूतावास की प्रवक्ता को टैग करते हुए एक्स पर लिखा, “समय पर वीजा दिलाने में त्वरित मदद के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
सुमित नागल ने चीन के दूतावास से हस्तक्षेप की मांग की
हरियाणा के झज्जर के 27 वर्षीय खिलाड़ी ने मंगलवार को अपने वीजा आवेदन के बिना किसी स्पष्ट कारण खारिज होने के बाद चीन दूतावास से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके जवाब में चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि चीन सभी देशों के खिलाड़ियों को अपने कानून और नियमों के अनुसार वीजा जारी करता है। यह प्लेऑफ प्रतियोगिता क्षेत्रीय खिलाड़ियों को 2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने का अवसर प्रदान करती है।
सुमित नागल बने शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय एकल खिलाड़ी
सुमित नागल वर्तमान में भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले एकल खिलाड़ी हैं और नवीनतम एटीपी रैंकिंग में उनका स्थान 275वां है। शीर्ष 100 में अपनी जगह गंवाने के कारण, वह ग्रैंडस्लैम जैसी प्रमुख प्रतियोगिताओं में सीधे प्रवेश नहीं कर सकते और वाइल्ड कार्ड या क्वालिफायर मुकाबलों पर निर्भर रहते हैं। पिछले साल नागल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य ड्रॉ में भाग लिया था, जहां शुरुआती दौर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन के मुख्य ड्रॉ में भी प्रवेश नहीं कर पाए। हालांकि, उन्होंने स्विट्जरलैंड के खिलाफ भारत की डेविस कप जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया और निचली रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के खिलाफ अपने दोनों एकल मैच जीतकर टीम के लिए अहम प्रदर्शन किया।

