नई दिल्ली : आर प्रज्ञानंद ने सुपर चेस क्लासिक के आठवें दौर में शानदार स्थिति हासिल करने के बावजूद जीत का फायदा नहीं उठा पाए और अंत में फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। अन्य मुकाबलों में फैबियानो कारुआना और विंसेंट कीमर के बीच बाजी बराबरी पर रही। वहीं, विश्व चैंपियनशिप के प्रबल दावेदार जावोखिर सिंदारोव ने नीदरलैंड के जॉर्डन वैन फोरस्ट को हराकर लगातार दूसरी जीत अपने नाम की।
कीमर और कारुआना संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर कायम
नीदरलैंड के एक अन्य खिलाड़ी अनीश गिरी को रोमानिया के डिएक बोगदान-डेनियल से हार का सामना करना पड़ा। फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा के नाम वापस लेने के बाद अमेरिका के वेस्ली सो को वॉकओवर मिला। अब जबकि आखिरी दौर का खेल बाकी है तब खिताब के लिए पांच खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अभी कीमर और कारुआना दोनों पांच-पांच अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। सिंदारोव, वेस्ली और फोरस्ट 4.5 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे जबकि प्रज्ञानंद, गिरी और वाचियर-लाग्रेव चार-चार अंक लेकर संयुक्त छठे स्थान पर हैं।
अब अनीश गिरी से होगा प्रज्ञानंद का मुकाबला
डिएक बोगदान-डेनियल ने अपना अभियान 3.5 अंकों के साथ समाप्त किया। अंतिम दौर में उन्हें वॉकओवर मिलने वाला है, जिससे उनका कुल स्कोर 4.5 अंक हो जाएगा। दूसरे दौर में जावोखिर सिंदारोव को हराने के बाद आर प्रज्ञानंद की दूसरी जीत की उम्मीद मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ काफी मजबूत नजर आ रही थी। सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंद ने शानदार स्थिति बना ली थी और उनके पास मुकाबला अपने नाम करने के कई मौके भी आए, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सके। अंततः टूर्नामेंट का सबसे लंबा मुकाबला 139 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। अब अंतिम दौर में प्रज्ञानंद का सामना अनीश गिरी से होगा।


