नई दिल्ली : भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद ने सुपर चेस क्लासिक्स के दूसरे राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए शानदार फॉर्म में चल रहे जावोखिर सिंदारोव को हराया। काले मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंद ने बेहतरीन रणनीति और धैर्य का परिचय दिया। मुकाबला शुरुआती और मध्य चरण में ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, जहां लगातार चालों के दोहराव से संतुलन बना हुआ था। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी ने सही समय पर जोखिम उठाया और मौके का पूरा फायदा उठाते हुए मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया।
अन्य मुकाबलों में अमेरिका के फैबियानो कारूआना और नीदरलैंड के अनीश गिरी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। वेसली सो और जॉर्डन वैन फॉरेस्ट का मुकाबला भी ड्रॉ में समाप्त हुआ। फ्रांस के मैक्सिम वाचिए-लाग्रेव ने अपने हमवतन अलीरेजा फिरोजा को हराकर दिन की दूसरी जीत दर्ज की। जर्मनी के विंसेंट कीमर ने भी रोमानिया के बोगदान-डैनियल डेअक को पराजित किया।


