NST NEWS, भोपाल. मयंक चतुर्वेदी इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल लीग मुकाबले में सूर्यकुमार यादव हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एम.एस. धोनी हाउस को 6 विकेट से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन सूर्यकुमार यादव हाउस ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एम.एस. धोनी हाउस की टीम सूर्यकुमार यादव हाउस के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 13 ओवर में 70 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अद्विक ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। सूर्यकुमार यादव हाउस के लिए पीयूष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि दिव्यांश ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।
71 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सूर्यकुमार यादव हाउस की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और केवल 9 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के नायक शिवा रहे, जिन्होंने 34 रनों की शानदार पारी खेली। उद्देश ने 14 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। एम.एस. धोनी हाउस की ओर से विराट ने 2 और विहान ने 1 विकेट लिया, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवा को सीनियर क्रिकेटर अरबाजुद्दीन ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार से सम्मानित किया।


