नई दिल्ली : भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को मुश्किल हालात से बाहर निकाला और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस अवॉर्ड के साथ ही सूर्यकुमार ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए और युवराज सिंह, आर. अश्विन व रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने विराट कोहली के एक खास रिकॉर्ड को भी पीछे करते हुए नया मुकाम हासिल किया। वहीं टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 9वीं जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
सूर्या का धमाका! युवराज, अश्विन और रोहित को छोड़ा पीछे
सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की पारी खेलने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता और वो भारत की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीतने वाले खिलाडि़यों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए। सूर्यकुमार ने टी20 वर्ल्ड कप में चौथी बार ये खिताब जीता और उन्होंने युवराज सिंह, आर अश्विन और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 3-3 बार ये कमाल किया था।

