नई दिल्ली : विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में गुरुवार (5 फरवरी) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच के आखिरी ओवर में राधा यादव ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर शानदार चौका लगाकर आरसीबी को जीत दिलाई। हालांकि इस गेंद पर जमकर ड्रामा देखने को मिला। शॉट खेलने के दौरान गिल्ली गिरने से एक पल के लिए ऐसा लगा कि राधा यादव हिट विकेट हो गई हैं, जिससे मैदान पर भ्रम की स्थिति बन गई। बाद में रिप्ले देखने पर साफ हुआ कि गिल्ली गेंद लगने से गिरी थी, जिसके बाद आरसीबी की जीत पर मुहर लगी।
आरसीबी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। राधा यादव 2 गेंद पर 3 और नदीन डी क्लर्क 6 रन बनाकर क्रीज पर थीं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आखिरी ओवर करने श्रीचरणी आईं। पहली दो गेंदों पर एक-एक रन बने। अब 4 गेंदों पर 8 रन चाहिए थे। दिल्ली मजबूत स्थिति में थी। तीसरी गेंद पर राधा ने चौका जड़ा। राधा यादव ने लेग साइड की ओर जाकर रूम बनाया और ऑफ साइड में कवर-पॉइंट के ऊपर से शॉट लगाकर चौका प्राप्त किया।
फाइनल का रोमांचक क्षण: राधा यादव ने लगाया शॉट, गिल्ली गिरी
अब आरसीबी को जीत के लिए 3 गेंद पर 4 रन चाहिए थे। राधा यादव ने बैकफुट पर जाकर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से कट शॉट खेला। गेंद बाउंड्री गई, लेकिन तभी गिल्ली स्टंप से गिर गई और लगा राधा हिट विकेट हो गईं। इससे बेपरवाह जीत की खुशी में आरसीबी की कुछ खिलाड़ी मैदान पर पहुंच गईं और जश्न मनाना शुरू कर दिया। डगआउट में मौजूद आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने दोनों हाथ उठाकर पूछा क्या हुआ?
ड्रामा के बाद फैसला: रिप्ले से दूर हुआ भ्रम
रिप्ले में साफ़ हुआ कि ऑफ स्टंप पर रखी गिल्ली को दिल्ली कैपिटल्स की विकेटकीपर लिज़ेल ली ने गिराया था। उनके ग्लव्स स्टंप से टकराए, जिसके चलते गिल्ली नीचे गिर गई। रिप्ले से भ्रम दूर होने के बाद चौका मान्य किया गया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने शानदार 87 रन की पारी खेली। वहीं दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद खिताब जीतने से चूक गई।

