भारत-पाक मैच में हाथ मिलाने पर सस्पेंस: BCCI सचिव बोले– नियमों का पालन होगा, लेकिन गारंटी नहीं

0

कोलंबो. महिला वनडे विश्व कप में 5 अक्तूबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे, लेकिन मैच से पहले खिलाड़ियों के हाथ मिलाने पर सस्पेंस बना हुआ है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा कि वह गारंटी नहीं दे सकते कि भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में दोनों देशों के रिश्तों में कोई बदलाव नहीं आया है। इसी वजह से पुरुष एशिया कप की तरह महिला टीम भी पाकिस्तान खिलाड़ियों से दूरी बनाए रख सकती है।

एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने तीन बार पाकिस्तान से मुकाबला किया था, लेकिन किसी भी मैच में खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया। यहां तक कि फाइनल के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था। इस विवाद के चलते ट्रॉफी समारोह 90 मिनट तक लटका रहा और अंत में किसी खिलाड़ी ने ट्रॉफी नहीं उठाई। अब महिला टीम के मैच को लेकर भी वैसी ही स्थिति बन सकती है।

सैकिया ने हालांकि यह भी कहा कि भारतीय टीम खेल के सभी नियमों का पालन करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मैच कोलंबो में होगा और MCC यानी क्रिकेट के आधिकारिक नियमों के तहत खेला जाएगा। लेकिन हाथ मिलाने या गले लगाने जैसे औपचारिक व्यवहार पर उन्होंने चुप्पी साध ली। ऐसे में रविवार को होने वाले भारत-पाक मैच में खिलाड़ी किस तरह का रुख अपनाएंगे, इस पर सबकी नज़रें टिकी रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here