Swimming: बी बेनेडिकटन रोहित ने पुरुष की 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकाला

0

नई दिल्ली: तमिलनाडु के तैराक बी बेनेडिकटन रोहित ने रविवार को यहां सीनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकाला। रोहित ने कलिंगा स्टेडियम के इंडोर एक्वाटिक सेंटर में 52.57 सेकेंड का समय लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस प्रदर्शन के साथ एशियाई खेलों के पदक विजेता वीरधवल खाड़े के 2009 में बनाए 52.77 सेकेंड के सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय में सुधार किया। उन्होंने दो बार के ओलंपियन साजन प्रकाश के 53.24 सेकेंड के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया। इसके साथ ही रोहित ने 27 जुलाई से सिंगापुर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप का ‘बी’ क्वालीफिकेशन स्तर भी हासिल कर लिया। अखिल भारतीय पुलिस का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रकाश ने 53.51 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता, जबकि रेलवे के बिक्रम चांगमाई ने 54.35 सेकेंड से कांस्य पदक जीता। महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में ओडिशा की सृष्टि उपाध्याय और रेलवे की आस्था चौधरी एक मिनट 3.50 सेकेंड के समान समय के साथ शीर्ष पर रहीं।

कर्नाटक के अनीश एस गौड़ा ने पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल में एक मिनट 50.85 सेकेंड के समय के साथ प्रकाश को सिर्फ 0.01 सेकेंड से पछाड़ा। तनीष मैथ्यू, चिंतन शेट्टी, दर्शन एस और अनीष गौड़ा की कर्नाटक की चौकड़ी ने सात मिनट 40.90 सेकेंड के साथ पुरुष चार गुणा 200 मीटर का खिताब जीता। दिल्ली की भव्या सचदेवा ने महिला 400 मीटर फ्रीस्टाइल, रेलवे की हर्षिता जयराम ने महिला 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और तमिलनाडु के दानुष सुरेश ने पुरुष 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक का खिताब अपने नाम किया। तैराकी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तभी माना जाता है जब यह राष्ट्रीय एक्वाटिव चैंपियनशिप के दौरान हासिल किया गया हो। अन्य प्रतियोगिताओं के समय को सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय कहा जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here