नई दिल्ली: अफगानिस्तान ने 25 जून 2024 की सुबह (भारतीय समयानुसार) सेंट विंसेंट में किंग्सटाउन के अर्नोस वेल ग्राउंड पर इतिहास रच दिया। उसने आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2024 में सुपर 8 चरण के ग्रुप 1 के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया।
इस जीत के साथ ही उसने टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। अफगानिस्तान ने टी20 विश्व कप के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला साउथ अफ्रीका से 27 जून 2024 को होगा। एक अन्य सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। अफगानिस्तान के जीतने की वजह से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
t20 world cup 2024 के सेमीफाइनल मैचों का शेड्यूल
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 5 विकेट पर 115 रन बनाए। अफगानिस्तान की पारी पूरी होते ही बारिश आ गई। बांग्लादेश की पारी के दौरान कई बार बारिश बाधा बनी। इस कारण एक ओवर की कटौती हुई और लक्ष्य 19 ओवर में 114 रन का किया गया। हालांकि, बांग्लादेश की टीम 17.5 ओवर में 105 रन ही बना पाई। बांग्लादेश के ओपनर लिटन दास अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 49 गेंद में 54 रन बनाए। हालांकि, बांग्लादेश की हार के साथ ही उनके अर्धशतक पर पानी फिर गया।
बारिश के कारण बांग्लादेश की पारी देर से शुरू हुई। 3.2 ओवर का खेल ही हुआ था कि फिर से बारिश आ गई। जिस समय बारिश आई उस समय बांग्लादेश का स्कोर 3 विकेट पर 31 रन था। भारतीय समयानुसार सुबह 9:15 बजे मैच दोबारा शुरू हुआ। बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 12.1 ओवर में 116 रन का लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया।
अफगानिस्तान की ओर राशिद खान ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल किया। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट लिए। नवीन उल हक ने 3.5 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट लिए। फजलहक फारुकी और गुलबदीन नायब भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। बांग्लादेश की ओर से लिटन दास के अलावा सौम्य सरकार (10 रन) और तौहीद हृदोय (14 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।
अफगानिस्तान का स्कोर और भी ज्यादा हो सकता है, लेकिन वह अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाया। उसके बल्लेबाजों ने कुल 66 गेंदें डॉट खेलीं। अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने 43, इब्राहिम जादरान ने 18, अजमतुल्लाह उमरजई ने 10 और राशिद खान ने नाबाद 19 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन सबसे सफल रहे। उन्होंने 26 रन देकर 3 विकेट लिए। मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद ने भी 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले टॉस जीतने के बाद राशिद खान ने बताया कि उनकी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे। गेंदबाजी इकाई शानदार काम कर रही है। महत्वपूर्ण यह है कि हम आज कैसे बल्लेबाजी करते हैं। हमारी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हैं। जाकिर और महेदी नहीं खेले। तस्कीन अहमद और सौम्य सरकार की आखिरी एकादश में वापसी हुई।’


