T20 World Cup 2026: इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले का प्रीव्यू और अहम जानकारी

0

नई दिल्ली : टी-20 विश्व कप 2026 के 15वें मुकाबले में 11 फरवरी को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे। वेस्टइंडीज ने अपने पहले मैच में स्कॉटलैंड को हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की थी, जबकि इंग्लैंड ने अपने पिछले मुकाबले में नेपाल को मात दी थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच में दोनों टीमें अपनी जीत की लय को कायम रखने के इरादे से उतरेंगी। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है। आइए इस मैच से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

लगभग बराबरी का रहा है दोनों टीमों के बीच मुकाबला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज अब तक 38 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में आमने-सामने आ चुके हैं। इनमें से 19 मैच इंग्लैंड ने जीते हैं, जबकि 18 मुकाबलों में वेस्टइंडीज को सफलता मिली है। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका था। दोनों टीमें आखिरी बार 2025 में एक द्विपक्षीय सीरीज में भिड़ी थीं, जहां इंग्लैंड ने 3-0 से क्लीन स्वीप करते हुए सीरीज अपने नाम की थी।

इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित की

इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव किया है। ल्यूक वुड की जगह जेमी ओवरटन को टीम में शामिल किया गया है। इस बदलाव से इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिली है। ओवरटन निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी कर लेते हैं।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम कर्रन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, और आदिल राशिद।

इस संयोजन के साथ उतर सकती है वेस्टइंडीज की टीम

वेस्टइंडीज ने अपने पिछले मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 182/5 का स्कोर बनाया था और मुकाबले को जीता था। कप्तान शाई होप को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया था। होप के ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। वह ब्रैंडन किंग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।
संभावित एकादश: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, और शमर जोसेफ।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 11 फरवरी को मुंबई में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच बिना किसी खलल के होने की संभावना है।

वानखेड़े स्टेडियम की पिच का हाल

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह नई गेंद से जल्दी विकेट लेना चाहेंगे।

कब और कहां देखें मैच?

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here