नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपना पहला मैच 8 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेलेगा, जो अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। भारत की इस शुरुआती भिड़ंत को लेकर फैन्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्रुप स्टेज में फिर भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा जाएगा और प्रत्येक ग्रुप में 5-5 टीमें होंगी। भारत जिस ग्रुप में है, उसमें पाकिस्तान के अलावा यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड की टीमें शामिल की गई हैं। इससे ग्रुप स्टेज काफी रोमांचक होने वाला है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में आयोजित किया जा सकता है, जिसे लेकर क्रिकेट फैन्स में अभी से उत्साह बढ़ गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का पहला मुकाबला 8 फरवरी को यूएसए के खिलाफ अहमदाबाद में खेला जा सकता है। इसके बाद टीम इंडिया 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। इसके बाद 18 फरवरी को भारतीय टीम मुंबई में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपनी ग्रुप स्टेज की अगली चुनौती का सामना करेगी।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के मुकाबले
8 फरवरी – भारत बनाम यूएसए, अहमदाबाद
12 फरवरी – भारत बनाम नामीबिया, दिल्ली
15 फरवरी – भारत बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
18 फरवरी – भारत बनाम नीदरलैंड्स, मुंबई
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सभी 4 ग्रुप (संभावित)
ग्रुप 1 – इंडिया, पाकिस्तान, यूएसए, नामीबिया, नीदरलैंड्स।
ग्रुप 2 – ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड, ओमान।
ग्रुप 3 – इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली, बांग्लादेश, नेपाल।
ग्रुप 4 – साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, यूएई, कनाडा।


