नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला मात्र दो दिनों में समाप्त हो गया, जिसमें मेज़बान ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ की कप्तानी में शानदार जीत दर्ज की। इस तेज़तर्रार टेस्ट में ट्रेविस हेड की तूफानी पारी ने मैच का रुख ऑस्ट्रेलिया की ओर मोड़ दिया, वहीं मिचेल स्टार्क की धारदार गेंदबाज़ी ने इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया। बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
पर्थ में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 205 रन का टारगेट मिला था और पिछली 3 पारियों में दोनों टीमों की जिस तरह की बैटिंग रही थी उसके बाद ऐसा लग रहा था कि कहीं इंग्लैंड बाजी ना मार ले, लेकिन कंगारू टीम ने अपनी रणनीति बदली और ओपनिंग के लिए ट्रेविस हेड को भेज दिया।
ट्रेविस हेड ने अपनी टीम के लिए दूसरी पारी में ऐसी बल्लेबाजी कर दी कि इंग्लैंड की टीम देखती रह गई और उसे 8 विकेट से जीत मिली। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 205 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ये मैच गुरुवार को शुरू हुआ था और शुक्रवार को समाप्त हो गया।
ट्रेविस हेड ने खेली 123 रन की तूफानी पारी
हेड ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। दूसरी पारी में उन्होंने सिर्फ 83 गेंदों में 123 रन ठोककर ऑस्ट्रेलिया की जीत का रास्ता बेहद आसान कर दिया। अपनी इस तूफानी पारी में हेड ने 4 छक्के और 16 चौके जड़े। उनके अलावा जैक वेदराल्ड ने 23 रन का योगदान दिया, जबकि मार्नस लाबुशेन 51 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स ने दूसरी पारी में 2 विकेट हासिल किए।
मिचेल स्टार्क का कहर, पूरे मैच में चटकाए 10 विकेट
कंगारू टीम के तेज़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 7 विकेट झटके और दूसरी पारी में 3 विकेट लेकर कुल 10 विकेट पूरे किए। उनके शानदार प्रदर्शन के कारण इंग्लैंड की बैटिंग दोनों ही पारियों में लड़खड़ा गई। वहीं दूसरी पारी में स्कॉट बोलैंड ने 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि ब्रेंडन डॉगेट ने 3 विकेट चटकाए।
इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में बेस्ट स्कोरर गस एटकिंसन रहे जिन्होंने 37 रन की पारी खेली जबकि ओली पोप ने 33 रन बनाए तो वहीं बेन डकेट के बल्ले से 28 रन निकले। इससे पहले इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 172 रन बनाए थे जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 132 रन के स्कोर पर ही निपट गई थी।
इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 40 रन की बढ़त मिली थी। इंग्लिश टीम की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा ब्रायडन कार्स ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट चटकाए। उनकी इस बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में मजबूत बढ़त बनाई, लेकिन वह मैच में इसे भुना नहीं पाए।


