नई दिल्ली : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किए जाने के बाद से क्रिकेट जगत में विवाद तेज हो गया है। कुछ लोग इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई इसे गलत बता रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान खुलकर बांग्लादेश के पक्ष में खड़ा है और आईसीसी के निर्णय का विरोध भी कर चुका है। इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी मार्क बुचर ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि ऐसे फैसले भविष्य के सभी ICC टूर्नामेंट्स के लिए एक उदाहरण बनेंगे और इससे खेल की विश्वसनीयता और साख बनी रहेगी।
मार्क बुचर का बयान क्या रहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर मार्क बुचर ने पर कहा, “उस समय ICC के पास एक विकल्प था कि उन्हें असल में क्या करना चाहिए और काउंसिल ने वहीं किया जो सही था। मुझे लगता है कि यह एक मिसाल है और भविष्य में ICC के और टूर्नामेंट में फॉलो की जा सकती है। जब किसी टीम को – चाहे वह उनकी सरकार के ज़रिए हो या उनकी अपनी तरफ से – किसी टूर्नामेंट के लिए किसी देश में जाने को लेकर सिक्योरिटी की चिंता हो या कोई और चिंता हो तो उन्हें बाहर ही कर देना चाहिए और उसकी जगह अगली टीम को क्वालीफाई करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।”
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की भागीदारी पर बुचर ने क्या कहा?
बुचर ने इस दौरान भारत के चैंपियंस ट्रॉफी खेलने को लेकर पाकिस्तान जाने से मना करने वाले मामले को लेकर भी अपनी बात कही। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि जब भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार किया था तो उस वक्त उसके मैच दुबई में आयोजित कराए गए थे, यहां तक कि फाइनल की मेजबानी भी पाकिस्तान से शिफ्ट कर दुबई कर दी गई थी। क्रिकेट के इतिहास में ऐसे बदलाव देखे जाते रहे हैं और टीम को टूर्नामेंट से निकालना और दूसरी टीमों को मौका दिया जाना भी पहले हो चुका है, लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह से चीजें हुई हैं ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।
बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार क्यों किया?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुचर ने साफ-साफ कहा है कि अगर कोई टीम सुरक्षा या किसी अन्य वजह से आखिरी समय पर टूर्नामेंट खेलने से इनकार करती है, तो उसे बाहर का ही रास्ता दिखाया जाना चाहिए और उसकी जगह किसी और टीम को मौका देना चाहिए। बता दें कि बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर आपत्ति तब जताई थी जब भारत ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया था।
आईसीसी ने पाकिस्तान को फटकार लगाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश की मांग थी कि उसके मुकाबले दुबई में कराए जाएं, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से करीब 15 दिन पहले उठाई गई इस आपत्ति को आईसीसी ने सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को मौका दे दिया। इस फैसले के बाद पाकिस्तान ने भी बहिष्कार की धमकी दी, लेकिन आईसीसी की कड़ी फटकार के बाद पाकिस्तान अपने रुख से पीछे हटता नजर आया।

