नई दिल्ली : टी-20 विश्व कप 2026 के 14वें मुकाबले में 11 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड आमने-सामने होंगे। इस मैच के जरिए मिचेल मार्श की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने अभियान का आगाज करेगी। वहीं आयरलैंड की टीम वापसी के इरादे से मैदान पर उतरेगी, क्योंकि उसे अपने पहले मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच अहम साबित हो सकता है। आइए इस मुकाबले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों पर एक नजर डालते हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में दर्ज की जीत
अब तक ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल दो मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है। आखिरी बार दोनों टीमें टी-20 विश्व कप 2022 में भिड़ी थीं, जहां ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 42 रन से मात दी थी। ब्रिसबेन में खेले गए उस मुकाबले में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम 137 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
पहले मैच में नहीं खेलेंगे टिम डेविड
टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही है। कप्तान मार्श ने पुष्टि की है कि ऑलराउंडर टिम डेविड चोट के कारण पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। आयरलैंड के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी की अगुआई नाथन एलिस करते हुए दिखेंगे।
संभावित एकादश: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट, एडम जैम्पा, और मैथ्यू कुहनेमन।
इस संयोजन के साथ उतर सकती है आयरलैंड
आयरलैंड को अपने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था। जीत के लिए 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम 143 रन पर ही सिमट गई थी। ऐसे में आयरलैंड की टीम अपने बल्लेबाजों से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
संभावित एकादश: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस एडेयर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (विकेट कीपर), कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क एडेयर, बैरी मैकार्थी, और मैथ्यू हम्फ्रीज।
कोलंबो: प्रेमदासा स्टेडियम पिच रिपोर्ट
प्रेमदासा स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। मुकाबले की शुरुआत में बल्लेबाजों को स्ट्रोक खेलने में ज्यादा परेशानी नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, सतह धीमी पड़ने लगती है, जिससे स्पिनरों को अधिक मदद मिलने लगती है। ऐसे हालात में दोनों टीमें मजबूत स्पिन आक्रमण के साथ उतरना पसंद कर सकती हैं। आंकड़ों के अनुसार, इस मैदान पर सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ 215/5 बनाकर दर्ज किया था।
कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 11 फरवरी को कोलंबो में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच के बिना किसी खलल के होने की उम्मीद है।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी सबकी नजरें
स्टर्लिंग आयरलैंड की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 26.31 की औसत से 3,894 रन बनाए हैं। मार्क एडेयर ने आयरलैंड की ओर से 19.51 की औसत से 140 विकेट लिए हैं। एडम जैम्पा ने टी-20 विश्व कप में 21 मैचों में 13.69 की औसत से 36 विकेट लिए हैं। वह आयरिश टीम के बल्लेबाजों की कठिन परीक्षा ले सकते हैं।
कब और कहां देखें मैच?
ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

