T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका ने घोषित की 15 सदस्यीय टीम, स्टब्स बाहर, ब्रेविस-मफाका की एंट्री

0

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका ने भारत और श्रीलंका में आयोजित होने वाले आगामी टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें विस्फोटक बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को जगह नहीं मिली है। एडेन मार्कराम की कप्तानी में चुनी गई इस टीम में 2024 संस्करण के फाइनल में खेलने वाले सात खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है, जिससे टीम का संतुलन और अनुभव मजबूत नजर आ रहा है। एडेन मार्कराम के अलावा अनुभवी सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक, तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन, एनरिक नॉर्खिया, आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर और अनुभवी स्पिनर केशव महाराज मौजूदा टीम का हिस्सा हैं। ये सातों खिलाड़ी 2024 के उस फाइनल में खेले थे जिसमें दक्षिण अफ्रीका को रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम से हार का सामना करना पड़ा था।

टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई साउथ अफ्रीकी टीम में शामिल नए चेहरों में युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस, तेज गेंदबाज क्वेना मफाका, ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश, बल्लेबाज टोनी डिजोर्जी, जेसन स्मिथ और डोनोवन फरेरा तथा स्पिनर जॉर्ज लिंडे शामिल हैं। जेसन स्मिथ को घरेलू टी20 चैलेंज और एसए20 लीग में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को टूर्नामेंट के ग्रुप डी में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूज़ीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 9 फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ मुकाबले से करेगी।

टी20 विश्व कप 2026 के लिए दक्षिण अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम

एडेन मार्कराम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टोनी डिजोर्जी, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, कगिसो रबाडा, जेसन स्मिथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here