नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नामीबिया ने अपना स्क्वाड घोषित कर दिया है। नामीबिया को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसे भारत, नीदरलैंड्स, यूएसए और पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज में मुकाबले खेलने होंगे। यह टीम चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलते हुए नजर आएगी। स्क्वाड की घोषणा के साथ ही कप्तानी की जिम्मेदारी 30 साल के अनुभवी ऑलराउंडर खिलाड़ी गेरहार्ड इरासमस को सौंपी गई है।
अफ्रीका क्वालीफायर में खेल दिखाकर बनाई वर्ल्ड कप की जगह
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नामीबिया ने अफ्रीका क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य इवेंट के लिए अपनी जगह पक्की की थी। हरारे के मैदान पर खेले गए मैचों में नामीबिया ने ग्रुप-ए में एक भी मुकाबला गंवाए बिना टॉप पर खत्म किया और इसके बाद सेमीफाइनल में तंजानिया को मात दी। अब नामीबिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में होगी, जहां उन्हें डिफेंडिंग चैंपियन भारत और पाकिस्तान जैसे मजबूत प्रतिद्वंदियों का सामना करना होगा, और इन मुकाबलों में जीत हासिल करना उनके लिए आसान नहीं रहेगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नामीबिया का स्क्वाड
गेरहार्ड इरासमस (कप्तान), जेन ग्रीन, बर्नार्ड शोल्ट्ज, रूबेन ट्रम्पेलमैन, जे जे स्मिट, जान फ्राइलिनक, लॉरेन स्टीनकैंप, मालन क्रूगर, निकोल लॉफ्टी-ईटन, जैक ब्रैसेल, बेन शिकोंगो, जेसी बाल्ट, डायलन लीचर, डब्ल्यूपी मायबर्ग, मैक्स हेंगो।
रिजर्व खिलाड़ी – अलेक्जेंडर वोल्शेंक।
भारत बनाम नामीबिया: 12 फरवरी को होगा मुकाबला
नामीबिया की टीम का आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शेड्यूल कुछ इस प्रकार है: उनका पहला मैच 10 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ दिल्ली के मैदान में खेला जाएगा। इसके बाद 12 फरवरी को मेजबान भारत के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया मैदान पर उतरेगी। 15 फरवरी को नामीबिया अपना तीसरा ग्रुप स्टेज मैच यूएसए के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलेगी, जबकि चौथा मैच 18 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो के मैदान में होगा।


