नई दिल्ली : पाकिस्तान की सरकार ने एक बार फिर यू-टर्न लेते हुए भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला खेलने की सहमति दे दी है। लगातार बढ़ते दबाव और संभावित नुकसान को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और सरकार को आखिरकार यह फैसला लेना पड़ा। अब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच बहुचर्चित मुकाबला खेला जाएगा। अब बात करते हैं आज होने वाले बड़े मैच की। टी20 वर्ल्ड कप में आज खेले जाने वाले तीन मुकाबलों में सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान के मैच की है। सलमान आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम, भारतीय मूल के मोनांक पटेल की कप्तानी में खेल रही यूएसए टीम (PAK vs USA) के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
पाकिस्तान के लिए क्यों खतरनाक साबित हो सकती है USA की टीम?
टी20 विश्व कप में हमेशा कुछ ऐसी टीमें रही हैं जो बड़ी टीमों को हराकर टूर्नामेंट की तस्वीर और उम्मीदों को बदल देती हैं, और संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ऐसी ही एक टीम बनकर उभरी है। टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही दिन यूएसए ने तब सभी को चौंका दिया, जब उसने नंबर-1 भारतीय टीम के 77 रन पर 6 विकेट गिरा दिए। एक समय ऐसा लग रहा था कि बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा, लेकिन सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी ने अकेले दम पर मैच की दिशा बदल दी और अंततः अमेरिका को हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि, दो साल पहले टी20 विश्व कप 2024 में ऐसा नहीं हुआ था, जब पाकिस्तान और यूएसए की टीमें आमने-सामने आई थीं। उस मुकाबले में यूएसए ने पाकिस्तान को ऐसी चौंकाने वाली हार दी थी, जिसे वह टीम आज तक नहीं भूली होगी। पाकिस्तान और यूएसए के बीच टी20 विश्व कप 2024 का मुकाबला 6 जून 2024 को अमेरिका के डलास में खेला गया था। पहली नजर में यह मैच एकतरफा लग रहा था, क्योंकि अमेरिकी टीम पहली बार टी20 विश्व कप खेल रही थी और वह भी मेजबान के तौर पर। मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए।
जवाब में उतरी यूएसए की टीम ने कप्तान मोनांक पटेल (50 रन) के अर्धशतक और अन्य बल्लेबाजों की तेज पारियों की बदौलत अंतिम ओवर तक मुकाबला खींच लिया और 3 विकेट पर 159 रन बनाकर मैच को टाई करा दिया। इसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर में अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 1 विकेट पर 18 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 1 विकेट पर सिर्फ 13 रन ही बना सकी और टी20 वर्ल्ड कप का एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला।
इस जीत के साथ यूएसए ने पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंचा दिया था। यही वजह है कि आज पाकिस्तान की टीम अमेरिका को किसी कमजोर टीम के तौर पर नहीं देख रही है। यूएसए एक ऐसी खतरनाक टीम बन चुकी है, जो किसी भी समय मैच की दिशा और दशा बदलने का दम रखती है। अब आइए जानते हैं कि आज पाकिस्तान बनाम यूएसए का मुकाबला कितने बजे और कहां खेला जाएगा, साथ ही भारतीय समय के अनुसार इसे कब और कहां लाइव देखा जा सकता है।
- पाकिस्तान बनाम यूएसए टी20 विश्व कप 2026 कब और कितने बजे शुरू होगा?
पाकिस्तान-यूएसए टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप-ए मैच आज (10 फरवरी, मंगलवार) भारतीय समय के मुताबिक शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे कराया जाएगा। - पाकिस्तान और यूएसए का टी20 वर्ल्ड कप मैच आज कहां होने वाला है?
पाकिस्तान और यूएसए के बीच आज का टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) ग्राउंड में खेला जाएगा। - पाकिस्तान और यूएसए के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप मैच का भारत में टीवी पर सीधा प्रसारण कहां देखें?
पाकिस्तान बनाम यूएसए T20 विश्व कप मैच आज आप भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में लाइव देख सकेंगे। - अमेरिका और पाकिस्तान की टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आज भारत में कहां देख सकते हैं?
संयुक्त राज्य अमेरिका और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच टी20 विश्व कप 2026 का मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आज आप भारत में जियो हॉटस्टार वेबसाइट पर देख पाएंगे।
पाकिस्तान और यूएसए की आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीमें
पाकिस्तान की टी20 विश्व कप टीमः सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फ़हीम अशरफ़, फ़खर ज़मान, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), साहिबज़ादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक, मोहम्मद नवाज़, सलमान मिर्ज़ा और नसीम शाह।
यूएसए की टी20 विश्व कप टीमः मोनांक पटेल (कप्तान और विकेटकीपर), एंड्रीज गौस , शहन जयसूर्या, मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन, अली खान, एहसान आदिल, नोस्थुष केनजिगे, सौरभ नेत्रवलकर, शयन जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला और शैडली वैन शाल्कवाइक।

