नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी जल्द ही आधिकारिक शेड्यूल जारी कर सकती है। इससे पहले ही इस टूर्नामेंट को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पांच शहरों का नाम सामने आया है जहाँ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच आयोजित किए जा सकते हैं। इसके अलावा यह भी पुष्टि हुई है कि फाइनल मुकाबले की मेज़बानी भारत करेगा और यह रोमांचक खेल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में संपन्न होगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तुलना में केवल कुछ ही शहरों में आयोजित होंगे और हर स्टेडियम को कम से कम 6 मैच मिलने की संभावना है। इसके लिए अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को चुना गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि श्रीलंका टूर्नामेंट का सह-मेज़बान होने के नाते वहाँ के तीन स्टेडियम भी मैचों की मेज़बानी करेंगे, जिनके वेन्यू अभी अंतिम रूप में तय होने हैं।
साथ ही लखनऊ और बेंगलुरु पर अभी तस्वीर साफ नहीं है। क्योंकि श्रीलंका के भी अभी स्टेडियम फाइनल होना बाकी हैं और वहां के वेन्यू सामने आने के बाद ही अंतिम फैसला होगा। साथ ही भारतीय बोर्ड का यह भी मानना है कि जिन वेन्यू पर महिला विश्व कप 2025 के मुकाबले हुए थे वहां टी20 विश्व कप के मुकाबले नहीं होंगे। गुवाहाटी, विशाखापट्टनम, इंदोर, नवी मुंबई इस लिस्ट से सीधे-सीधे बाहर हो जाएंगे।
जानिए कहां होगा भारत और पाकिस्तान का मुकाबला
पाकिस्तान की स्थिति की बात करें तो अगर टीम भारत या किसी अन्य टीम के खिलाफ फाइनल या सेमीफाइनल में पहुँचती है, तो उसके मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू यानी श्रीलंका में आयोजित होंगे। इसी तरह, भारत-पाकिस्तान का लीग या नॉकआउट मैच भी श्रीलंका में ही खेला जाएगा। इसके अलावा, आईसीसी ने बीसीसीआई को यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर श्रीलंका सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करती है, तो उसकी सभी मैच कोलंबो में ही होंगे।
इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल अंतिम रूप दिया जाएगा। इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 20 टीमें अब पक्की हो चुकी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अगले साल फरवरी और मार्च में किया जाएगा। शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान आईसीसी द्वारा किया जाएगा, और बीसीसीआई ने अपना प्रारंभिक शेड्यूल आईसीसी को सौंप भी दिया है। उम्मीद है कि बहुत जल्द इस पर अंतिम फैसला भी ले लिया जाएगा।

