नई दिल्ली: क्रिकेट प्रशंसकों पर आईपीएल 2024 का खुमार उतार चुका है और टी20 विश्व कप का खुमार चढ़ने लगा है। टी20 विश्व कप 2024 के मुकाबले 1 जून (भारतीय समयानुसार 2 जून की प्रातः ) से शुरू हो जाएंगे। विश्व कप 2024 ग्रुप और सुपर-8 चरण में खेला जाना है। टूर्नामेंट में 4 ग्रुप ए, बी, सी और डी हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ग्रुप ए में है।
टीम इंडिया का पहला मुकाबला 5 जून को आयरलैंड से न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाना है। टी20 विश्व कप 2024 में हिस्सा लेने के लिए टीम इंडिया के कई खिलाड़ी अमेरिका पहुंच चुके हैं। बाकी अगले कुछ दिनों में पहुंच जाएंगे। टीम इंडिया के पहले मैच से पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने कुछ सुझाव दिए हैं।
हरभजन सिंह इस बात से काफी प्रभावित हैं कि कैसे विराट कोहली ने इस साल के आईपीएल के दौरान कई शॉट्स जोड़कर टी20 खेल में बदलाव किया, जिससे उनके स्ट्राइक रेट में काफी सुधार हुआ। हरभजन सिंह ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘विराट कोहली ने पिछले साल से इस साल तक काफी सुधार दिखाया है। लोग उनके स्ट्राइक रेट के बारे में बात करते हैं। पिछले साल यह 130 के आसपास था। इस बार 160 के आसपास है। बेशक यह एक बड़ा बदलाव है।’
हरभजन सिंह ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल को खेलना चाहिए। मुझे नहीं पता कि वे उसे प्लेइंग इलेवन में कैसे शामिल करने जा रहे हैं। लेकिन अगर वह नहीं खेलता है तो जाहिर तौर पर रोहित और विराट को ओपनिंग करने और टी20 फॉर्मेट की तरह खेलने की जरूरत है।’
रोहित शर्मा को लेकर हरभजन बोले, ‘वह पहले 6 ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए हमेशा अपनी बल्लेबाजी में बड़ा बदलाव चाहते हैं। यदि ऐसा ही परिदृश्य है, तो आप अनुभव के साथ जा रहे हैं, लेकिन उन्हें (विराट और रोहित) ध्यान में रखना होगा कि वह टी20 फॉर्मेट में खेल रहे हैं। उन्हें परिस्थितियों (अमेरिकी) का सम्मान करना होगा।’
हरभजन सिंह ने हार्दिक पंड्या के प्रति भी सहानुभूति जताई। हार्दिक पंड्या करियर में एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। हालांकि, हरभजन को उम्मीद है कि यह ऑलराउंडर अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के दौरान शानदार प्रदर्शन करेगा। हार्दिक पंड्या को आईपीएल 2024 के दौरान जब भी मैदान पर उतरते थे तो प्रशंसक लगातार उपहास करते थे, लेकिन हरभजन को लगता है कि टी20 विश्व कप के दौरान अमेरिका में माहौल बदल जाएगा।
हरभजन सिंह ने कहा, ‘जब वह नीली जर्सी पहनेगा, तो अलग हार्दिक पंड्या होगा। हम जानते हैं कि वह रन बना सकता है, विकेट ले सकता है। मैं चाहता हूं कि हार्दिक अच्छा प्रदर्शन करे क्योंकि वह बहुत कुछ कर चुका है। मैं उसे शुभकामनाएं देता हूं। भारत के लिए यह टूर्नामेंट बहुत अच्छा रहे।’
हरभजन ने कहा, ‘अगर हार्दिक पंड्या का टूर्नामेंट अच्छा रहा तो जाहिर तौर पर भारत के पास आगे बढ़ने का शानदार मौका होगा। हां, उनकी फॉर्म थोड़ी चिंता का विषय है…और उनके आसपास बहुत सारी चीजें चल रही थीं, उनका गुजरात से मुंबई स्थानांतरित होना बड़ा बदलाव था।’


