नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 चरण में वेस्टइंडीज ने अपने पहले ही मुकाबले में जिम्बाब्वे को जिस अंदाज में मात दी, उससे टीम के इरादे साफ नजर आए। यह टूर्नामेंट में उनकी लगातार पांचवीं जीत रही—ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीतने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे को पूरी तरह से दबाव में रखकर एकतरफा मुकाबला अपने नाम किया। इस दमदार प्रदर्शन ने भारत के लिए चिंता बढ़ा दी है। जिम्बाब्वे के खिलाफ इंडीज ने जिस बेखौफ और आक्रामक अंदाज में क्रिकेट खेली, उससे साफ संकेत मिला कि वे भारत और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। अगर उनका दिन रहा, तो इन बड़ी टीमों को हराने की क्षमता भी वेस्टइंडीज के पास मौजूद है।
टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बना वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हरा दिया और वो ग्रुप 1 की अंकतालिका में बेहतरीन रन रेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया। अब इस टीम को भारत और साउथ अफ्रीका से मैच खेलना है। अगर इंडीज ने इन दोनों में से किसी भी एक टीम को हरा दिया तो इस टीम के 4 अंक हो जाएंगे। वहीं भारत अगर अपने अगले दोनों मैच जीत जाता है तो फिर भारत को भी 4 अंक हो जाएंगे। वहीं साउथ अफ्रीका को अब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ मैच खेलना है। अगर साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज से जीत गया और इसने जिम्बाब्वे को हरा दिया तब साउथ अफ्रीका के भी 4 अंक हो जाएंगे यानी यहां पर बेहतर रन रेट का मामला फंसेगा।
भारत के लिए करो या मरो मुकाबला
अब आगे की बात करते हैं कि अगर वेस्टइंडीज ने भारत को हरा दिया तो फिर भारत का सफर टी20 वर्ल्ड कप में वहीं पर खत्म हो जाएगा। यानी भारत की स्थिति गंभीर है कि वो किसी भी तरह से इंडीज के खिलाफ अपना मैच नहीं गंवाए। वहीं भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा देता है तो उसे दुआ करनी होगी की साउथ अफ्रीका भी वेस्टइंडीज को हरा दे क्योंकि अगर वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया तो फिर मामला भारत के लिए फिर से फंसेगा। यानी इंडीज की इस जीत ने भारत के लिए राह मुश्किल कर दी है और वेस्टइंडीज का फॉर्म ऐसा है कि आप इस टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना को भी नहीं नकार सकते।

