इंग्लैंड की ताकत बनेगी पाकिस्तान की कमजोरी? हरभजन सिंह ने दिया बड़ा संकेत

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में मंगलवार को पल्लेकेले में इंग्लैंड और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ग्रुप 2 की ये दोनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहने के लिए इस मुकाबले को बेहद अहम मान रही हैं। मैच से पहले भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने अपनी स्पष्ट राय रखते हुए कहा कि इंग्लैंड इस मुकाबले में पाकिस्तान पर भारी पड़ेगा। उनके अनुसार इंग्लैंड की संतुलित बल्लेबाजी लाइनअप, आक्रामक खेलने की शैली और बड़े मैचों का अनुभव उसे बढ़त दिला सकता है, जबकि पाकिस्तान को दबाव में स्थिर प्रदर्शन करना होगा।

हरभजन का दावा – इंग्लैंड के नाम रहेगा मुकाबला

दरअसल जिम्बाब्वे-वेस्टइंडीज मैच के समाप्त होने के बाद हरभजन सिंह से पूछा गया कि पाकिस्तान-इंग्लैंड मुकाबले में आप किसे जीत के लिए फेवरेट मानते हैं। इसके बाद भज्जी ने साफ तौर पर कहा कि इस मैच में इंग्लैंड को जीत मिलेगी। भज्जी ने स्टार स्पोर्ट्स पर ये बातें कही और ये भी बताया कि आखिर इंग्लैंड की टीम को क्यों जीत मिलेगी।

इंग्लैंड के बल्लेबाज हैं शानदार

हरभजन सिंह ने कहा कि पल्लेकेले में हमने देखा कि इंग्लैंड ने किस तरह से श्रीलंका को हराया था। इंग्लैंड के पास भी स्पिनर की कमी नहीं है। हालांकि पाकिस्तान के पास स्पिनर्स ज्यादा हैं, लेकिन इंग्लैंड के स्पिनर्स ने भी श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था। वहीं बात बल्लेबाजी की हो तो इसमें इंग्लैंड की टीम काफी मजबूत नजर आती है। इंग्लैंड को पता है कि पल्लेकेले में पाकिस्तान को किस तरह से टैकल करना है। भले ही स्पिन डिपार्टमेंट में पाकिस्तान के पास एज है, लेकिन इंग्लैंड कमजोर नहीं है और ये टीम बैटिंग के जरिए पाकिस्तान पर हावी हो सकता है।

अंकतालिका में इंग्लैंड नंबर 1 पर काबिज

आपको बता दें कि ग्रुप 2 में इंग्लैंड ने अपना पहला मैच श्रीलंका से खेला था और इस टीम को हराकर 2 अंक अर्जित करते हुए अकतालिका में टॉप पर पहुंच गया था। वहीं पाकिस्तान को अपना पहला मैच न्यूजीलैंड से खेलना था, लेकिन ये मैच बारिश की वजह से ही नहीं खेला जा सका। इसके बाद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच एक-एक अंक बांट दिया गया। ग्रुप 2 की अंकतालिका में फिलहाल न्यूजीलैंड दूसरे तो पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here