टैलेंट सर्च 2026-27 से मिलेगा खेल प्रतिभाओं को नया मंच, प्रदेशभर में 21 खेल विधाओं में चयन अभियान

0

17 जून से ऑनलाइन पंजीयन, 27 जून से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
खेल अकादमियों में प्रशिक्षण का सुनहरा मौका।

NST NEWS, भोपाल. खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं उन्हें राज्य खेल अकादमियों में प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “टैलेंट सर्च 2026-27” अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों में छिपी खेल प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

टैलेंट सर्च के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश की विभिन्न खेल अकादमियों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों को जनरल फिटनेस टेस्ट, स्किल टेस्ट एवं मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। निर्धारित मानकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

17 जून से प्रारंभ होंगे ऑनलाइन पंजीयन
टैलेंट सर्च में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 17 जून 2026 से ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। पंजीयन के लिए विभाग द्वारा विकसित पोर्टल https://talentsearch.dsywmp.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है। खिलाड़ी निर्धारित आयु वर्ग एवं पात्रता अनुसार अपनी पसंद के खेल में पंजीयन कर सकेंगे।

27 जून से प्रारंभ होगी प्रतिभा चयन प्रक्रिया
प्रदेशभर में 27 जून 2026 से टैलेंट सर्च की चयन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। चयन के अंतर्गत खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, खेल कौशल एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षण किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राज्य खेल अकादमियों में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार प्रवेश प्रदान किया जाएगा।

इन खेलों के लिए होगा टैलेंट सर्च
टैलेंट सर्च के अंतर्गत विभाग द्वारा प्रदेशभर में 21 खेल विधाओं में प्रतिभा चयन आयोजित किया जा रहा है, जिनमें एथलेटिक्स, हॉकी (पुरुष एवं महिला), कुश्ती, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, जूडो, तीरंदाजी, बैडमिंटन, रोइंग, क्याकिंग-केनोइंग, ट्रायथलॉन, शूटिंग (राइफल, पिस्टल एवं शॉटगन), घुड़सवारी सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभा चयन किया जाएगा।

खिलाड़ियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश के खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों एवं खेल संस्थाओं से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन कराएं। टैलेंट सर्च राज्य की खेल प्रतिभाओं को पहचान देने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here