नई दिल्ली : श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का मंगलवार (28 जुलाई) को ऐलान कर दिया गया। हालांकि, चयन के साथ ही खिलाड़ियों की फिटनेस टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन चोट के कारण पूरी तरह फिट नहीं हैं। दोनों को टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन चयनकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि वे मेडिकल फिटनेस मिलने के बाद ही मैचों के लिए उपलब्ध होंगे। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इसी वजह से उन्हें शुरुआती मुकाबले के लिए घोषित स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में टीम प्रबंधन को शुरुआती टेस्ट में संयोजन तैयार करने के लिए कुछ नए विकल्पों पर भरोसा करना होगा।
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी हुई है। वह टेनिस एल्बो की चोट से उबर गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेले थे। भारतीय टीम में एकमात्र नए चेहरा सारांश जैन हैं। हर्षित राणा की अनुपलब्धता में आकिब नबी को मौका नहीं मिला है। गुरनूर बरार टीम में बरकरार हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी वह चुने गए थे। हालांकि, उनका डेब्यू नहीं हुआ।
4 स्पिनर्स का चयन
भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे के लिए चार स्पिनरों पर भरोसा जताया है। अनुभवी रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ अफगानिस्तान सीरीज में प्रभावशाली पदार्पण करने वाले मानव सुथार तथा युवा स्पिनर सारांश जैन स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, तेज गेंदबाजी विभाग में फिटनेस पर निर्भर जसप्रीत बुमराह के अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार टीम के प्रमुख विकल्प होंगे। सीरीज से पहले भारतीय टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। यह मुकाबला खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ढलने और टीम संयोजन को परखने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।
श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल [कप्तान], केएल राहुल [उप-कप्तान], यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत [विकेटकीपर], साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल [विकेटकीपर], रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप रैंकिंग में भारत पांचवें नंबर पर पहुंचा
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 की अंक तालिका में भारत फिलहाल पांचवें स्थान पर है। मौजूदा चक्र में टीम इंडिया ने अब तक खेले गए नौ टेस्ट मैचों में से केवल चार में जीत हासिल की है। अब भारत के अभियान की नई शुरुआत श्रीलंका दौरे से होगी, जहां से लेकर मार्च 2027 तक उसे कुल नौ और टेस्ट मैच खेलने हैं। भारतीय टीम का श्रीलंका में रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है। भारत 2010 के बाद से श्रीलंका में कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारा है, जबकि 2017 के अपने पिछले श्रीलंका दौरे पर उसने मेजबान टीम का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। यही रिकॉर्ड इस बार भी भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगा।
भारत का श्रीलंका दौरा 2026
| नंबर | दिन से | दिन तक | मैच | जगह |
| 1 | 15-अगस्त-26 | 19-अगस्त-26 | पहला टेस्ट | गॉल |
| 2 | 23-अगस्त-26 | 27-अगस्त-26 | दूसरा टेस्ट | कोलंबो |


