नई दिल्ली: शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया का नया मिशन शुरू होने जा रहा है। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, इसके लिए टीम श्रीलंका की जमीन पर कदम रख चुकी है। सभी खिलाड़ी दोपहर में भारत से निकले और कुछ ही देर बाद श्रीलंका पहुंच गए। वहां पहुंचने के कुछ फोटो और वीडियो सामने आए हैं, जो काफी अच्छे लग रहे हैं। टीम का इम्तिहान 7 अगस्त से शुरू हो जाएगा।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान बीसीसीआई ने काफी पहले ही कर दिया था। हालांकि टीम के जाने से पहले एक बड़ा बदलाव किया गया है। जसप्रीत बुमराह अभी फिट नहीं हैं, इसलिए वे टीम से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह जम्मू कश्मीर के औकिब नबी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिला है। अब इंतजार इस बात का किया जा रहा है कि क्या उन्हें खेलने का मौका मिलेगा या फिर ऐसे ही रह जाएंगे।
इस बीच वैसे तो सीरीज का पहला मैच 15 अगस्त से शुरू होगा, लेकिन इम्तिहान 7 अगस्त से ही शुरू हो जाएगा, क्योंकि इसी दिन से टीम इंडिया अपना प्रैक्टिस या यूं कहें वार्मअप मैच खेलेगी, जो कि श्रीलंका इलेवन के खिलाफ होगा। यहीं से पता चल जाएगा कि भारतीय टीम टेस्ट के लिए कितनी तैयार है। ये एक बड़ी परीक्षा होगी, क्योंकि सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। जहां टीम इंडिया की हालत काफी पतली नजर आ रही है।
श्रीलंका क्रिकेट की ओर से टीम इंडिया का स्वागत किया गया और साथ ही उसके कुछ फोटो और वीडियो भी शेयर किए गए हैं, जिसमें भारतीय खिलाड़ी काफी खुश नजर आ रहे हैं। टीम में कुछ ऐसे भी प्लेयर्स हैं, जो पहली बार श्रीलंका के दौरे पर गए हैं, इसलिए उनके लिए ये नया अनुभव है। अब देखना ये होगा कि टीम आखिर कैसा प्रदर्शन इस सीरीज के दौरान करती है। हालांकि पिछले कुछ वक्त से टीम का टेस्ट में उस तरह का खेल देखने के लिए नहीं मिल रहा है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी।


