नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम शनिवार (7 फरवरी) को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बीमार हैं और इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। वहीं वाशिंगटन सुंदर पहले से ही अनुपलब्ध हैं, जिसके चलते भारतीय टीम के पास प्लेइंग इलेवन चुनने के लिए केवल 13 खिलाड़ी बचे हैं। सुंदर फिलहाल चोट से उबर रहे हैं और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को वायरल बुखार है और भारतीय टीम मैनेजमेंट उन्हें एहतियातन आराम देगा। इसी वजह से वह मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं खेलेंगे। मैच से एक दिन पहले बुमराह मैदान पर तो पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं लिया। बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सिराज को शुक्रवार को ही टीम में शामिल किया गया था, जब 4 फरवरी को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्मअप मैच के दौरान घुटने की चोट के चलते तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए।
टीम इंडिया में बड़ा फैसला, ओपनिंग करेंगे इशान किशन
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा के साथ इशान किशन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। इशान किशन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्मअप मैच में बतौर ओपनर 53 रन की अहम पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए थे। संजू सैमसन के खराब फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि इशान किशन ऊपरी क्रम में टीम के लिए मजबूत प्रदर्शन करेंगे।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, इशान किशान (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
भारतीय टीम का स्क्वाड
अभिषेक शर्मा, इशान किशान (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन।


