वडोदरा: रोहित शर्मा और विराट कोहली शानदार लय में नजर आ रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से पहले टीम इंडिया ने शुक्रवार को कड़ा अभ्यास किया। रविवार (11 जनवरी) से शुरू होने वाली इस वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम का लंबा टी20 सत्र होगा, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज, इसके बाद टी20 विश्व कप और फिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे बड़े टूर्नामेंट शामिल हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में दो-दो मैच खेलने के बाद लगभग डेढ़ घंटे तक भारतीय तेज गेंदबाजों, स्पिनरों और थ्रोडाउन विशेषज्ञों के खिलाफ बल्लेबाजी अभ्यास किया। विजय हजारे में 77 और 131 रनों की पारियां खेलने वाले कोहली ने स्पिनरों और तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। हालांकि, एक नेट में थ्रोडाउन विशेषज्ञों की ओर से मिल रही असमान उछाल ने उन्हें कुछ हद तक चुनौती भी दी।
इस बीच, मध्यक्रम के अहम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज तीन घंटे लंबे इस अभ्यास सत्र का हिस्सा नहीं रहे, क्योंकि वे गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए खेल चुके थे। ये तीनों खिलाड़ी शुक्रवार देर शाम टीम से जुड़ने वाले हैं।
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने भी नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए अपना अभ्यास सत्र पूरा किया। गिल दिसंबर के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए आखिरी दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पैर की उंगली में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। भारतीय टीम ने इससे पहले गुरुवार को भी कोटांबी स्थित बीसीए स्टेडियम में अभ्यास किया था, जो अपने पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।


