तेज गेंदबाजी में टीम इंडिया की चिंता बढ़ी, बुमराह पर निर्भरता ने खड़े किए बड़े सवाल

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम में जसप्रीत बुमराह की भूमिका बेहद अहम है। वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह मौजूदा समय में हर सीरीज और हर मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहते, लेकिन जब भी वह मैदान पर उतरते हैं, उनका प्रभाव साफ नजर आता है। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज और वनडे मुकाबलों में बुमराह की गैरमौजूदगी में भारतीय तेज गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ा और विपक्षी बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे। प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, अंशुल कम्बोज और आकिब नबी दार जैसे गेंदबाजों को मौका दिया गया, लेकिन वे अब तक बुमराह की कमी को प्रभावी ढंग से पूरा नहीं कर पाए हैं। ऐसे में आगामी वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की गहराई और बुमराह पर निर्भरता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सीमित ओवर के क्रिकेट (वनडे और टी20) में अन्य तेज गेंदबाजों का निरंतर और प्रभावी प्रदर्शन न दे पाना चिंता का विषय है। आंकड़े साफ दिखाते हैं कि बुमराह पर अत्यधिक निर्भरता भारत के लिए जोखिम भरी साबित हो सकती है। खासतौर से अगले साल जब वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी हो और उसी बीच वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों के आंकड़ों को याद करें, तो यह चिंताजनक है।

भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जमकर रन लुटाए। पहले मैच में 296 रन, दूसरे मैच में 405 रन और तीसरे मैच में टीम इंडिया के बॉलर्स 352 रन का लक्ष्य भी नहीं बचा कर पाए। तेज गेंदबाजों की इंजरी भी बड़ी समस्या रही है। अगर कुछ आंकड़ों पर नजर डालें तो बुमराह के बिना डेथ ओवर्स और पॉवरप्ले में भारतीय गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर लगी है।

वनडे-टी20 के आंकड़े दे रहे गवाही
जसप्रीत बुमराह जब विरोधी टीम को शुरुआती झटके देते हैं या डेथ ओवर्स व पावरप्ले में किफायती गेंदबाजी करते हैं, तो टीमों पर दबाव बनता है। उनके अलावा अन्य गेंदबाजों के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं और दिखाते हैं कि टीम इंडिया का तेज गेंदबाजी आक्रमण कितना बुमराह पर निर्भर है:-

डेथ ओवर्स में इकॉनमी: पावरप्ले और अंतिम ओवर्स में बुमराह का इकॉनमी रेट अमूमन 6 से 7 के बीच रहता है, जबकि अन्य गेंदबाज, अगर पिछली वेस्टइंडीज सीरीज के आंकड़ों को ही देखें, तो उनका इकॉनमी रेट अंतिम ओवरों में 10-12 के पार चला जाता है। 2024 और 2026 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बुमराह ने 6 से कम की इकॉनमी से रन दिए, जबकि उनके जोड़ीदार पेसर्स का इकॉनमी रेट 9.5 प्रति ओवर से ऊपर रहा।

विकेट निकालने की निर्भरता: बड़ी टीमों के खिलाफ यदि बुमराह को विकेट नहीं मिलता, तो बीच के और अंतिम ओवरों में बाकी पेस अटैक विपक्षी बल्लेबाजों पर नकेल कसने में नाकाम रहता है। ऐसा कई बार देखने को मिला है। हाल ही में हुआ भारत का इंग्लैंड दौरा इस बात का उदाहरण है। उस दौरे पर तीन में से दो वनडे हारते हुए टीम इंडिया सीरीज हार गई थी।

फिटनेस और वर्कलोड प्रबंधन: जसप्रीत बुमराह के करियर में चोटों की वजह से लंबे ब्रेक आए हैं। जब-जब बुमराह टीम से बाहर रहे हैं, भारतीय गेंदबाजी का इकॉनमी रेट और स्ट्राइक रेट काफी गिर जाता है। यही कारण है कि मौजूदा समय में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण बुमराह के बिना कमजोर नजर आ रहा है।

बुमराह के खेलने और न खेलने से कितना बदलता है टीम इंडिया का प्रदर्शन?
  • जसप्रीत बुमराह के साथ भारत का प्रदर्शन: जसप्रीत बुमराह जिस वनडे या T20I मैच में खेलते हैं, भारत की पॉवरप्ले और डेथ ओवर्स की कुल इकॉनमी 7.10 रहती है और टीम की जीत का प्रतिशत 72% रहता है। बुमराह के साथ भारत ने 100 में से 76 टी20 इंटरनेशनल और 91 में से 64 वनडे इंटरनेशनल जीते हैं।
  • जसप्रीत बुमराह के बिना भारत का प्रदर्शन: जब बुमराह चोट या वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से टीम से बाहर रहते हैं, तो पावरप्ले और डेथ ओवर्स में भारत का इकॉनमी रेट बढ़कर 8.85 हो जाता है और जीत का प्रतिशत घटकर 58% रह जाता है।
मिशन 2027 के लिए टीम इंडिया को कितनी करनी होगी तैयारी? तेज गेंदबाजी ने बढ़ाई टेंशन

फिलहाल जसप्रीत बुमराह को वनडे इंटरनेशनल टीम से दूर ही देखा जा रहा है। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्हें वनडे टीम से दूर रखा गया है। वह टेस्ट टीम में अब वापसी के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर तैयार हैं। देखना होगा कि मिशन 2027 के लिए बुमराह को टीम इंडिया अब कब वनडे टीम में लाती है? क्योंकि फिलहाल बुमराह के बिना जितने भी तेज गेंदबाज आजमाए गए हैं, सभी महंगे साबित हुए हैं। आगामी न्यूजीलैंड दौरे पर सभी की असली परीक्षा होगी। उछार भरी कंडीशन्स अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए कुछ हद तक समान होंगी। ऐसे में गुरनूर, प्रसिद्ध, अर्शदीप, सिराज क्या करते हैं यह देखना होगा?

जसप्रीत बुमराह का वनडे, टी20 और टेस्ट रिकॉर्ड
गेंदबाजी आंकड़े टेस्ट वनडे टी20 आईपीएल
मैच 52 91 100 158
पारियां 99 90 97 158
गेंदें 10,031 4,694 2,110 3,631
दिए गए रन 4,631 3,585 2,295 4,442
मेडन ओवर 395 57 13 7
विकेट 234 151 126 187
गेंदबाजी औसत 19.79 23.74 18.21 23.75
इकॉनमी रेट 2.77 4.58 6.53 7.34
स्ट्राइक रेट 42.87 31.09 16.75 19.42
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी (पारी) 6/27 6/19 4/15 5/10
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी (मैच) 9/86 6/19 4/15 5/10
4 विकेट लेने वाली पारियां 7 6 1 3
5 विकेट लेने वाली पारियां 16 2 0 2

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here