हेडिंग्ले में टीम इंडिया का रिकॉर्ड अच्छा नहीं, 23 साल से नहीं जीत पाई टेस्ट, हारे इतने मुकाबले

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मुकाबला 20 जून को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद युवा कंधों पर भारतीय टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हेडिंग्ले में टीम इंडिया का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है और वह अभी तक यहां पर सिर्फ दो ही टेस्ट मैच जीत पाई है।

2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में जीता था

इंग्लैंड के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया ने अभी तक कुल 7 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसमें से दो में जीत हासिल की है और चार मैच हारे हैं। वहीं एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यहां पर टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट मैच साल 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में जीता था। तब भारत ने पारी और 46 रनों से जीत दर्ज की थी। उस मैच में राहुल द्रविड़ सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे थे और उन्होंने 148 रनों की पारी खेली थी। लेकिन उस मैच के बाद टीम इंडिया इस ग्राउंड पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

टीम इंडिया को जीत दिलाने की जिम्मेदारी

अब टीम इंडिया की कमान युवा शुभमन गिल के हाथों में है। वहीं उपकप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत को मिली है। टीम में यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह, साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे प्लेयर्स शामिल हैं। इन युवा कंधों पर टीम इंडिया को यहां पर जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। भारतीय टीम के पास जसप्रीत बुमराह जैसा अनुभवी गेंदबाज भी मौजूद है।

ऐसा है दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच अभी तक कुल 136 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 35 में भारत ने जीत हासिल की है और 51 में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है। जबकि 50 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। इस तरह से इंग्लैंड का टेस्ट में भारतीय टीम के खिलाफ पलड़ा भारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here