IPL से इंपैक्ट प्लेयर नियम हटाया जाए, बल्ले और गेंद के बीच संतुलन जरूरी: सचिन तेंदुलकर

0

अहमदाबाद। क्रिकेट महानायक Sachin Tendulkar ने आईपीएल में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए इंपैक्ट प्लेयर नियम को समाप्त करने की वकालत की है। आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले आयोजित एक कार्यक्रम में तेंदुलकर ने कहा कि मौजूदा नियम बल्लेबाजों को अतिरिक्त फायदा देता है, जिससे गेंदबाजों के लिए मुकाबला और कठिन हो जाता है।

तेंदुलकर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में पहले ही बल्लेबाजों को आक्रामक खेलने की पूरी स्वतंत्रता होती है और इंपैक्ट प्लेयर नियम के कारण टीमें एक अतिरिक्त बल्लेबाज उतार सकती हैं। उनके अनुसार इससे खेल का संतुलन बिगड़ता है और पिछले कुछ सीजन में बढ़ते बड़े स्कोर तथा तेज रन गति के पीछे यह नियम भी एक प्रमुख कारण रहा है।

पूर्व भारतीय कप्तान ने खेल को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए दो अन्य सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि छह ओवर के पावरप्ले को दो हिस्सों में बांटा जा सकता है। पहले चार ओवर बल्लेबाजी पावरप्ले के रूप में हों, जबकि शेष दो ओवर फील्डिंग कप्तान अपनी रणनीति के अनुसार मैच के किसी भी चरण में उपयोग कर सके। इससे गेंदबाजी करने वाली टीम को मैच पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा।

तेंदुलकर ने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक टीम को अपने एक गेंदबाज से पांच ओवर कराने की अनुमति मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि जब सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी कर सकते हैं, तो सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को एक अतिरिक्त ओवर देने में कोई हर्ज नहीं है। उनके अनुसार इससे टी20 क्रिकेट में गेंदबाजों की भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here