टेनिस: 8 बार के चैंपियन नडाल सेमीफाइनल में पहुंचे, फेडरर हटे

0

रोम। आठ बार के चैंपियन स्पेन के राफेल नडाल इटैलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। डिफेंडिंग चैंपियन राफेल नडाल ने स्पेन के ही फर्नांडो वर्डास्को को क्वार्टर फाइनल में 6-4, 6-0 से हराया। नडाल अब यूनान के स्टीफानोस सितसिपास से भिड़ेंगे। 20 साल के सितसिपास ने शुक्रवार को प्री क्वार्टर फाइनल में 10वीं सीड इटली के फेबियो फोगनिनी को 6-4, 6-3 से हराया। आठवीं सीड सितसिपास का क्वार्टर फाइनल में तीसरी सीड रोजर फेडरर से सामना होना था। लेकिन स्विट्जरलैंड के फेडरर दाएं पैर में चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गए। सितसिपास लगातार तीसरे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। दुनिया की नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी जापान की नाओमी ओसाका ने भी चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। दरअसल, 26 मई से साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन शुरू होना है। कोई भी खिलाड़ी इससे पहले रिस्क नहीं लेना चाहता।
वहीं, टॉप सीड सर्बिया के जोकोविच ने प्री क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर को 6-3, 6-0 से हराया। 4 बार के पूर्व चैंपियन जोकोविच का सामना सातवीं सीड अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो से होगा। अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन ने छठी सीड जापान के केई निशिकोरी को 6-4, 6-2 से मात दी। वहीं पूर्व नंबर-1 विक्टोरिया अजारेंका भी बाहर हो गई हैं। चेक रिपब्लिक की कैरोलिना प्लिस्कोवा ने अजारेंका को तीन सेट के मुकाबले में 6-7, 6-2, 6-2 से हराया। ब्रिटेन की जोहाना कोंटा भी सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।