नई दिल्ली: मेजर लीग क्रिकेट 2025 के 23वें मैच में 03 जुलाई को टेक्सास सुपर किंग्स ने वाशिंगटन फ्रीडम को 43 रन से हरा दिया। बारिश के कारण यह मैच सिर्फ 5-5 ओवर का खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में टेक्सास सुपर किंग्स ने 5 ओवर में 2 विकेट पर 87 रन बनाए। वाशिगंटन फ्रीडम 5 ओवर में 4 विकेट पर 44 रन ही बना पाई और टूर्नामेंट में दूसरी हार झेली। टेक्सास सुपर किंग्स की इस जीत में इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में सिर्फ एक रन बनाने वाले डोनोवन फरेरा ने अहम भूमिका निभाई। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने सिर्फ 9 गेंद में नाबाद 37 रन बनाए। उन्होंने तूफानी पारी के दौरान 5 छक्के लगाए। खास यह है कि डोनोवन फरेरा को बल्लेबाजी करने का मौका डेरिल मिचेल के रिटायर्ड आउट होने के कारण मिला।
डेरिल मिचेल 5 गेंद में 6 रन ही बना पाए थे। उस समय टीम के खाते में 18 गेंद में 34 रन ही जुड़े थे। इसके बाद डोनोवन फरेरा क्रीज पर आए और मैदान पर तूफान ला दिया। नतीजा यह रहा कि टीम का स्कोर अगली 12 गेंद में 87 रन पहुंच गया। डोनोवन फरेरा के अलावा शुभम रंजने ने भी 4 चौके और 3 छक्के की मदद से14 गेंद में नाबाद 39 रन बनाए। डोनोवन फरेरा ने मिचेल ओवेन द्वारा फेंके गए 5वें ओवर में एक के बाद एक चार छक्के जड़े। उन्होंने 6, 6, 6, 2, 2, 6 के साथ ओवर का समापन किया और 28 रन बटोरे। टेक्सास सुपर किंग्स के 2 विकेट पर 87 रन, पांच ओवर के खेल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। साउथ अफ्रीका के डोनोवन फरेरा इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। हालांकि, उन्हें सिर्फ एक मैच में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। उसमें वह सिर्फ एक रन ही बना पाए।


