एशियन केनो स्लालाॅम चैम्पियनशिप थाईलैण्ड से पदक जीतकर लौटे

0

भोपाल। थाईलैण्ड में 24 से 26 फरवरी, 2017 तक आयोजित एशियन केनो स्लालाॅम चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के तीन खिलाड़ियों ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर दुनिया के नक्शे पर मध्य प्रदेश की पृथक पहचान बनाई। चैम्पियनशिप में अकादमी के खिलाड़ी प्रिन्स परमार और चम्पा मौर्य ने सी-टू मिक्स्ड इवेन्ट में एक रजत पदक अर्जित किया। जबकि के-1 (अंडर-23) स्पर्धा में आरती पाण्डे ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में आकाश बाथम, विश्वजीत कुशवाह एवं लखन वर्मा ने भागीदारी की।

थाईलैण्ड में आयोजित चैम्पियनशिप में भागीदारी करने एवं पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने आज प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। खेल मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिश्रम और निरंतर अभ्यास से सफलता मिलना सुनिश्चित है। उन्होंने आगामी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वाॅटर स्पोट्र्स कया-कैनो अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री पीजूष भरोई एवं श्री देवेन्द्र गुप्ता भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि प्रदेश की खेल मंत्री द्वारा खेलों के विकास में ली जा रही रूचि और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों के परिणाम परिलक्षित हो रहे हैं। खेलमंत्री की पहल पर महेश्वर में देश के पहले स्लालाॅल कोर्स के प्रारंभ होने का लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को मिल रहा है और अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीतकर खिलाड़ी प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं।