नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज रॉस टेलर ने एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर वापसी करने का ऐलान किया है। हालांकि इस बार वह ब्लैककैप्स की जर्सी में नहीं, बल्कि अपनी मां के देश सामोआ की ओर से खेलते नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टेलर ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि यह सिर्फ क्रिकेट में वापसी नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति, गांव और परिवार का प्रतिनिधित्व करने का गर्व भी है।
सामोआ के लिए खेलने का रास्ता कैसे खुला?
रॉस टेलर की मां नाओउपू लोटे-टेलर सामोआ की रहने वाली हैं, इसी वजह से उन्हें वहां की टीम का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता मिली। आईसीसी के नियमों के अनुसार, कोई भी क्रिकेटर एक देश से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद दूसरे देश के लिए तभी खेल सकता है जब वह कम से कम तीन साल तक ब्रेक ले। रॉस टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अप्रैल 2022 में खेला था। तीन साल की यह अवधि पूरी होने के बाद अब वह सामोआ की टीम से जुड़ गए हैं।
शानदार रहा रॉस टेलर का करियर
रॉस टेलर का अंतरराष्ट्रीय और घरेलू करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कुल 450 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए 18,199 रन बनाए। इसमें 112 टेस्ट मैचों में 7,683 रन, 236 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8,607 रन और 102 टी20 इंटरनेशनल में 1,909 रन शामिल हैं। उनके नाम 19 टेस्ट और 21 वनडे शतक भी दर्ज हैं। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 192 प्रथम श्रेणी मैचों में 12,369 रन, 317 लिस्ट ए मुकाबलों में 11,395 रन और 298 टी20 मैचों में 6,559 रन बनाए।
रॉस टेलर न्यूजीलैंड के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं। वह जून 2021 में उस टीम का हिस्सा थे, जिसने भारत को हराकर पहली आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। अपने पूरे करियर में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मिलाकर रॉस टेलर ने कुल 30,323 रन बनाए हैं, जिनमें 54 शतक शामिल हैं। अब सबकी निगाहें इस दिग्गज बल्लेबाज पर टिकी हैं कि वह अपनी दूसरी पारी में सामोआ क्रिकेट को किस ऊँचाई तक पहुंचाते हैं।
सामोआ की राह
सामोआ टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप एशिया-ईस्ट एशिया पैसेफिक क्वालिफायर में हिस्सा लेगी। यह टूर्नामेंट उनके लिए अगले साल होने वाले पुरुष टी20 विश्व कप में प्रवेश पाने का अंतिम अवसर है। सामोआ अपना अभियान 8 अक्टूबर से ओमान में शुरू करेगा और अपने ग्रुप में ओमान और पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ मुकाबले खेलेगा।
रॉस टेलर का निजी जीवन
रॉस टेलर का जन्म 8 मार्च 1984 को न्यूजीलैंड के लोअर हट में हुआ। उनके पिता नील टेलर न्यूजीलैंड के मास्टरटन शहर से हैं, जबकि उनकी मां सामोआ के उपोलू द्वीप के सालुआफाता गांव से हैं। रॉस टेलर को सामोआ की पारंपरिक उपाधि ‘लियाउपेपे’ भी प्राप्त है। बचपन में उन्होंने सामोआ के पारंपरिक खेल किलिकिटी खेला और बाद में हॉकी से क्रिकेट की ओर रुख किया। उनकी शिक्षा वैरारापा कॉलेज और पामर्सटन नॉर्थ बॉयज हाई स्कूल से हुई। रॉस टेलर ने 2011 में विक्टोरिया से शादी की, और उनके तीन बच्चे हैं।
रॉस टेलर की वापसी को लेकर भावनाएं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संन्यास से वापसी पर रॉस टेलर ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलूंगा। मुझे लगता था कि मेरी भूमिका केवल कोचिंग तक ही सीमित रहेगी, लेकिन जब यह अवसर सामने आया, तो मैंने सोचा कि क्यों न अपनी मां के देश के लिए मैदान पर उतरकर योगदान दिया जाए।” हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि लंबे ब्रेक के बाद फिटनेस और रफ्तार हासिल करना आसान नहीं होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टेलर ने आगे कहा, “मैंने पिछले कुछ वर्षों में उतना क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन टूर्नामेंट्स में हिस्सा लिया है। शरीर अब 41 साल का हो चुका है, लेकिन उम्मीद है कि मैं उतना अच्छा प्रदर्शन कर पाऊं कि टीम को लाभ पहुंचा सकूं।”


