नई दिल्ली : भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का आदेश दिया है। समाचार एजेंसी PTI ने इस फैसले की पुष्टि बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया के हवाले से की है।
पिछले महीने खिलाड़ियों के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका बेस प्राइस केवल दो करोड़ रुपये था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली प्रक्रिया के बाद, KKR इस 30 वर्षीय गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल करने में सफल रहा था।
टीम में कमी होने पर तुरंत मिलेगा रिप्लेसमेंट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर केकेआर को मुस्तफिज़ुर रहमान के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी का चयन करने की अनुमति होगी। बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया ने शनिवार, 3 जनवरी 2026 को गुवाहाटी में बताया, “BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिज़ुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने को कहा है। अगर जरूरत पड़ी तो वे रिप्लेसमेंट की मांग कर सकते हैं और यदि अनुरोध करेंगे, तो BCCI रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मंजूरी देगा।”
BCCI पर बढ़ता दबाव, KKR से रिलीज का किया आदेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार देवाजीत सैकिया से जब पूछा गया कि BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज करने के लिए ऐसा क्यों कहा, तो उन्होंने जवाब दिया, “हाल के घटनाक्रमों की वजह से। देश में एक हिंदू व्यक्ति की हालिया हत्या और वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता जताने के बाद बांग्लादेशी क्रिकेटर की भागीदारी को लेकर BCCI पर दबाव बढ़ रहा था।”
यह आलोचना KKR के सह-मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान तक भी पहुंची है, जिसमें सत्तारूढ़ BJP के कुछ राजनेताओं ने मौजूदा हालात में गेंदबाज को टीम में शामिल करने के फैसले पर सवाल उठाया। मुस्तफिजुर रहमान 2016 से आठ IPL एडिशन में खेल चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सिर्फ 2019 और 2020 में टूर्नामेंट मिस किया था। मुस्तफिजुर रहमान सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। आने वाला एडिशन तीन बार के IPL विजेता KKR के लिए उनका पहला होने वाला था।
द्विपक्षीय क्रिकेट पर संकट, आगामी मैचों पर शंका
भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पिछले साल एक व्हाइट-बॉल द्विपक्षीय सीरीज स्थगित कर दी थी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार, 2 जनवरी 2026 की शाम कहा कि यह सीरीज इस साल सितंबर में वहां आयोजित की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, BCCI शेड्यूल को लेकर कोई पक्का वादा नहीं कर रहा है। बांग्लादेश में अस्थिर राजनीतिक स्थिति और ढाका के पाकिस्तान के साथ बढ़ते संबंधों को देखते हुए इस सीरीज के लिए सहमति मिलने की संभावना कम नजर आती है, जिससे क्षेत्रीय समीकरण और जटिल हो गए हैं।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। शेख हसीना अगस्त 2025 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भारत भाग गई थीं। इस साल एक ट्रिब्यूनल ने उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई। उन पर आरोप था कि उन्होंने आंदोलन के दौरान हुई एक घातक कार्रवाई में भूमिका निभाई थी, जिसमें कई छात्रों की मौत हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ढाका ने विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को पांच बार तलब किया, जबकि भारत ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह को केवल एक बार तलब कर सुरक्षा संबंधी चिंता व्यक्त की। इसी बीच, बीसीसीआई ने श्रीलंका में आए चक्रवात से प्रभावित देश की मदद के लिए कदम बढ़ाया है और संकट में वहां के क्रिकेट संस्थान को समर्थन देने की पहल की है।

