बिहार के लाल का जलवा: साढ़े सात महीने में वैभव सूर्यवंशी की शतकीय चमक

0

नई दिल्ली: बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (12 दिसंबर) को एक बार फिर अपनी धाकड़ प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत के इस 14 वर्षीय ओपनर ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 95 गेंदों पर 171 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान वैभव ने 14 छक्के और 9 चौके लगाए। उनकी 180 के स्ट्राइक रेट वाली इस पारी के दम पर इंडिया अंडर-19 ने 6 विकेट पर 433 रन का विशाल स्कोर बनाया। वैभव का यह 2025 में छठा शतक था, और ये सभी शतक साढ़े सात महीने यानी अप्रैल के अंत से दिसंबर तक के बीच आए हैं। इस आंकड़े में अभी और इजाफा हो सकता है क्योंकि अंडर-19 एशिया कप की अभी शुरुआत ही हुई है। वैभव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से लेकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे तक अपने जलवे बिखेर चुके हैं।

आईपीएल में धमाकेदार शतक

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक जड़कर तहलका मचा दिया था। वह आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे।

यूथ वनडे में वैभव सूर्यवंशी का शतक

वैभव ने आईपीएल के बाद अपना जलवा इंग्लैंड में दिखाया। इंडिया अंडर-19 और इंग्लैंड अंडर-19 के बीच 5 मैचों की यूथ वनडे सीरीज के पांचवें मैच में उन्होंने 52 गेंदों पर शतक जड़ा। वैभव ने इस मैच में 10 छक्कों और 13 चौकों के साथ 78 गेंदों पर 143 रन की पारी खेली।

यूथ टेस्ट में वैभव सूर्यवंशी का शतक

इंग्लैंड के बाद वैभव सूर्यवंशी का जलवा ऑस्ट्रेलिया में भी जारी रहा। आईपीएल और यूथ वनडे में शानदार प्रदर्शन के बाद, उन्होंने यूथ टेस्ट में भी शतक जड़ा। इंडिया अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच खेले गए 2 मैचों की यूथ टेस्ट सीरीज में वैभव ने 78 गेंदों पर ताबड़तोड़ शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने 86 गेंदों पर 113 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 8 छक्के शामिल थे।

एशिया कप राइजिंग स्टार्स में वैभव सूर्यवंशी की शतकीय पारी

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए के लिए वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 32 गेंदों पर शतक ठोक दिया था। उन्होंने 42 गेंदों पर 144 रन ठोक दिए थे। उन्होंने 11 चौके और 15 छक्के लगाए।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी का शतक

वैभव सूर्यवंशी का जलाव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी देखने को मिला। बिहार के लिए खेलते हुए 14 साल के खिलाड़ी ने महाराष्ट्र के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन की पारी खेली। यह उनके टी20 करियर का तीसरा शतक था।

अंडर-19 एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी की शतकीय पारी

वैभव सूर्यवंशी ने 12 दिसंबर को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 95 गेंदों में 171 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 14 छक्के और 9 चौके लगाए। इंडिया अंडर-19 टीम इस बात की उम्मीद करेगी कि वैभव का शानदार प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहे और अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी उनके कमाल को देखने का मौका मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here