नई दिल्ली : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी टीम को भेजने से इनकार कर दिया है। बीसीबी ने आईसीसी से गुहार लगाई है कि उसकी टीम के मैचों के वेन्यू में बदलाव किया जाए। बोर्ड का कहना है कि भारत में उनकी टीम के खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है और इस वजह से वे वहां खेलने के लिए तैयार नहीं हैं। इस मामले में अब नया मोड़ सामने आया है, जिससे टूर्नामेंट की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
ICC का BCB को अल्टीमेटम: ‘खेलो या बाहर हो जाओ’
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से कहा है कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने या न लेने का अंतिम निर्णय 21 जनवरी तक ले लेना होगा। यानी, आईसीसी ने बीसीबी को इस फैसले के लिए समय सीमा निर्धारित की है। शनिवार, 17 जनवरी 2026 को आईसीसी के एक प्रतिनिधिमंडल ने ढाका में बीसीबी के अधिकारियों से मुलाकात की, जिसमें यह डेडलाइन भी दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान बीसीबी ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने के अपने रुख पर अड़ा हुआ रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने बीसीबी से कहा कि अगर बोर्ड 21 जनवरी तक बांग्लादेश की भागीदारी की पुष्टि नहीं करता है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप के लिए रिप्लेसमेंट टीम का नाम देगा, जिसमें स्कॉटलैंड सबसे आगे है। आईसीसी ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने के बीसीबी के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया। साथ ही बीसीबी को भरोसा दिलाया कि भारत में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए सुरक्षा की चिंता की कोई बात नहीं है।
आईसीसी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और अब फैसला पूरी तरह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के हाथ में है। अगर बीसीबी टूर्नामेंट से हटने का निर्णय करता है, तो उसे बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है और आईसीसी की तरफ से उस पर प्रतिबंध लगाने की संभावना भी है। इस मामले में क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने पूरी गेंद बीसीबी के पाले में डाल दी है। वहीं, इस बीच सभी की नजरें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर भी हैं, क्योंकि अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आईसीसी के अल्टीमेटम पर उनकी क्या प्रतिक्रिया आती है।
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा था कि अगर बांग्लादेश को लेकर सुरक्षा या अन्य चिंताएं बनी रहती हैं, तो वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी टीम की भागीदारी पर फिर से विचार कर सकता है। यह बयान उस समय आया जब बीसीबी ने मदद के लिए पीसीबी से संपर्क किया था। अगर पीसीबी इस मामले में बीसीबी का समर्थन करता है, तो स्थिति और भी जटिल हो सकती है। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा।


