अहमदाबाद में IPL 2026 का महासंग्राम, क्या मौसम बिगाड़ेगा फाइनल का रोमांच?

0
नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के दो महीने से अधिक समय तक चले रोमांचक सफर के बाद अब फाइनल मुकाबले की बारी आ गई है। 19वें सीजन की प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। खिताबी मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मैच के दौरान मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है, लेकिन यदि बारिश किसी तरह बाधा बनती है और मुकाबला निर्धारित दिन पर पूरा नहीं हो पाता, तो इसके लिए रिजर्व डे का भी प्रावधान रखा गया है।
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी के लिए बड़ी चुनौती होगी अहमादाबाद में गुजरात के होम ग्राउंड पर उसे मात देना। जब गुजरात के सामने भी चुनौती होगी इस सीजन आरसीबी को दूसरी बार हराने की। आरसीबी ने इस सीजन लीग स्टेज की पहली भिड़ंत में गुजरात को मात दी थी। उसके बाद अपने होम ग्राउंड अहमदाबाद में गुजरात को जीत मिली थी। फिर क्वालिफायर 1 में भी आरसीबी ने गुजरात को हराया था। यानी एक टीम से चौथी बार इस सीजन गुजरात की भिड़ंत होगी और क्वालिफायर 1 की हार का बदला लेने पर नजरें होंगी।
तपती गर्मी में होगी खिताबी जंग, अहमदाबाद का पारा चढ़ा

अहमदाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने का पूर्वानुमान है। आसमान एकदम साफ है और बारिश की संभावना एकदम शून्य बताई गई है। यानी पूरे 40 ओवर का मुकाबला बिना किसी बाधा के देखने को मिल सकता है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के मुरीद होती है। यानी रनों की बरसात हो सकती है।

अगर बारिश अचानक आती भी है और मैच 31 मई को पूरा नहीं हो पाता है, तो फाइनल के लिए रिजर्व डे मौजूद है। रिजर्व डे पर मुकाबला आमतौर पर वहीं से शुरू होता है जहां से मैच पहले दिन रुका होता है। अगर टॉस होने के बाद एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो रिजर्व डे पर नए सिरे से मुकाबला शुरू होता है।

आरसीबी की नजर ऐतिहासिक उपलब्धि पर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन 17 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। अब टीम के पास लगातार दूसरे सीजन चैंपियन बनने का शानदार अवसर है। आईपीएल इतिहास में अब तक केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही लगातार दो सीजन खिताब जीतने का कारनामा कर पाई हैं। चेन्नई ने 2010 और 2011 में, जबकि मुंबई ने 2019 और 2020 में लगातार ट्रॉफी अपने नाम की थी। यदि आरसीबी इस बार फाइनल जीतने में सफल रहती है, तो वह लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाली इतिहास की तीसरी टीम बन जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here