भारतीय क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हुआ 2025 का सबसे इमोशनल पल

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट ने साल 2025 में दो आईसीसी खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। साल की शुरुआत में पुरुष क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि साल के अंत में भारतीय महिला टीम ने वनडे विश्व कप जीतकर देश को गौरवान्वित किया। दक्षिण अफ्रीका को हराकर महिला टीम ने पहली बार आईसीसी खिताब जीता, जिससे 2 नवंबर 2025 की तारीख भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अमर हो गई। हालांकि, इन उपलब्धियों के बीच भारतीय क्रिकेट ने साल 2025 का सबसे बड़ा और भावुक पल 30 अक्टूबर को देखा, जिसने हर क्रिकेट प्रेमी की आंखें नम कर दीं।

घरेलू सरजमीं पर खेला गया यह टूर्नामेंट हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। लीग स्टेज में टीम को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। सेमीफाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ, जो 2017 के बाद से वनडे विश्व कप में अजेय चली आ रही थी। ऐसे में ज्यादातर लोगों को यही लग रहा था कि 30 अक्टूबर को भारतीय टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। नवी मुंबई में ऑस्ट्रेलिया ने 338 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिससे उम्मीदें लगभग टूटती नजर आईं, लेकिन इसी मुश्किल घड़ी में जेमिमा रोड्रिग्स भारत और फाइनल के बीच दीवार बनकर खड़ी हो गईं।

जेमिमा–हरमनप्रीत की 167 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी

नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आईं जेमिमा क्रीज पर दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर आईं। शैफाली वर्मा 10 रन बनाकर आउट हो गई थीं। इसके बाद जेमिमा ने मंधाना के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। मंधाना 24 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद जेमिमा और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच 167 रनों की साझेदारी हुई। हरमन 89 रन बनाकर आउट हुईं तब भारत को 113 रन चाहिए थे।

डटी रहीं जेमिमा रोड्रिग्स

जेमिमा रोड्रिग्स एक छोर पर डटी रहीं और उन्होंने दबाव के बीच शानदार साझेदारियां निभाईं। पहले दीप्ति शर्मा के साथ उन्होंने 38 रनों की अहम साझेदारी की, जिसमें दीप्ति ने 17 गेंदों पर 24 रन बनाए। इसके बाद ऋचा घोष के साथ 46 रनों की तेज साझेदारी हुई, जहां ऋचा ने 16 गेंदों में 26 रन जोड़े। अंत में अमनजोत कौर के साथ 15 गेंदों पर नाबाद 31 रनों की साझेदारी हुई। अमनजोत ने 8 गेंदों पर 15 रन बनाए, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स 134 गेंदों पर 127 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को ऐतिहासिक जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

बेटियों ने पूरे देश को भावुक कर दिया

अमनजोत के बल्ले से जैसे ही विजयी चौका निकला, भारतीय खिलाड़ी मैदान की ओर दौड़ पड़ीं और एक बेहद भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। कप्तान हरमनप्रीत कौर खुद को रोक नहीं पाईं और कोचिंग स्टाफ को गले लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। जेमिमा रोड्रिग्स भी इस ऐतिहासिक पल में भावनाओं से भर गईं और अमनजोत से गले मिलते वक्त उनकी आंखें छलक आईं। मैच के बाद इंटरव्यू के दौरान भी उनकी आंखें नम थीं। भारत की बेटियों ने उस दिन पूरे देश को भावुक कर दिया था। आज भी उस मुकाबले का वीडियो देखने पर आंखें नम हो जाती हैं। यह भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2025 का सबसे बड़ा पल था, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करना रोज-रोज नहीं होता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here