सात्विक-चिराग की जोड़ी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के नॉकआउट में चिया-सोह को हराया

0

नई दिल्ली: भारत के सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए ग्रुप बी के अंतिम मैच में मलयेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी को हराकर इस सत्र के आखिरी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। तीसरी वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग की जोड़ी ने पहला गेम गंवाने के बावजूद संयम और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया और पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेताओं को 70 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 17-21, 21-18, 21-15 से हराया।

इस तरह सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय पुरुष जोड़ी बन गई हैं। ग्रुप बी में उनकी यह एकमात्र अजेय जोड़ी थी और सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए उन्हें सिर्फ एक जीत की जरूरत थी। हालांकि वे मलयेशियाई खिलाड़ियों के खिलाफ 5-11 के पिछड़े रिकॉर्ड में थे, लेकिन अपनी रणनीति में बदलाव करके उन्होंने विरोधियों पर दबाव डालते हुए उन्हें हराया।

साल के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स में भारत की मौजूदगी अब तक सीमित रही है। पीवी सिंधू एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह खिताब जीता है, उन्होंने 2018 में महिला एकल का खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा, साइना नेहवाल 2011 में फाइनल में पहुंची थीं। युगल वर्ग में ज्वाला गुट्टा और वी दीजू 2009 के सुपर सीरीज फाइनल में मिश्रित युगल फाइनल तक पहुंचे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here