15 साल बाद भी जिंदा है जीत की कहानी: सचिन तेंदुलकर के दिल में आज भी धड़कता वर्ल्ड कप 2011

0

नई दिल्ली : भारत की ऐतिहासिक वनडे वर्ल्ड कप जीत को 15 साल बीत चुके हैं, लेकिन 2 अप्रैल 2011 की वह रात आज भी हर भारतीय के दिल में उसी तरह धड़कती है, जैसे समय वहीं ठहर गया हो। उस दिन जब सपनों ने हकीकत का रूप लिया था और पूरा देश एक साथ जश्न में डूब गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन तेंदुलकर ने इस खास याद को फिर से जिंदा करते हुए 2 अप्रैल 2026 को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर की, जिसने फैंस को उस सुनहरी रात की यादों में फिर से खो जाने पर मजबूर कर दिया।

‘पहली गेंद से ही दिल धड़कता रहा… और वह रात कभी खत्म ही नहीं हुई’ इन शब्दों के साथ साझा किया गया वीडियो सिर्फ एक मैच की याद नहीं, बल्कि उस जुनून, उस इंतजार और उस गौरव की कहानी है, जिसने करोड़ों भारतीयों को जश्न मनाने का मौका दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन तेंदुलकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह पिच को प्रणाम करते हुए और शॉट लगाते हुए दिख रहे हैं। थ्रो बैक के तौर पर 2011 वनडे वर्ल्ड कप की क्लिप भी शेयर की है।

पहली गेंद का रोमांच दिल की धड़कनें बढ़ा देता है: सचिन तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर ने वीडियो के कैप्शन में भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा कि पहली गेंद हमेशा दिल की धड़कनें तेज कर देती है और वह रात ऐसी थी, मानो कभी खत्म ही नहीं हुई। 15 साल बाद भी उस जीत का एहसास आज भी उतना ही ताजा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि कैसे एक युवा टीम के रूप में उनका सपना सिर्फ भारत के लिए वर्ल्ड कप जीतना था, और जब वह सपना सच हुआ तो वह पल हमेशा के लिए यादगार बन गया। सचिन ने इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा रहे सभी खिलाड़ियों और फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके समर्थन ने इस जीत को और भी खास बना दिया। “जय हिंद!”

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2011 का वनडे वर्ल्ड कप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं था, बल्कि एक ऐसा सपना था जिसे हर खिलाड़ी अपने दिल में लेकर मैदान पर उतरा था। सचिन तेंदुलकर के लिए यह जीत और भी खास थी, क्योंकि वह अपने करियर में पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने का सपना देख रहे थे। जब भारत ने फाइनल में श्रीलंका क्रिकेट टीम को हराकर खिताब जीता, तब मैदान से लेकर सड़कों तक जश्न का माहौल छा गया। खिलाड़ियों के कंधों पर सचिन को उठाकर पूरे मैदान का चक्कर लगाना—वह ऐतिहासिक दृश्य आज भी हर क्रिकेट प्रेमी की आंखों में बसा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here