नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में शनिवार (11 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स को सीजन की पहली जीत मिली, जिसमें जेमी ओवर्टन ने अहम भूमिका निभाई। जेमी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया, वहीं उनके जुड़वां भाई क्रेग ओवर्टन ने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट के दौरान बेहतरीन शतक जड़ा। इस तरह शनिवार का दिन इन जुड़वां भाइयों के नाम रहा, जहां एक ने गेंद से कहर बरपाया तो दूसरे ने बल्ले से कमाल किया।
ओवर्टन का कहर, 4 विकेट लेकर मचाया धमाल
संजू सैमसन की शतकीय पारी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 212 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 189 रन पर आउट हो गई। जेमी ओवर्टन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने समीर रिजवी,डेविड मिलर, टिस्टन स्टब्स और आकिब नबी डार का विकेट लिया।
क्रेग ओवर्टन ने शानदार शतक लगाया
क्रेग ओवर्टन ने काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में एसेक्स के खिलाफ समरसेट के लिए शानदार शतक लगाया। क्रेग ने 141 रनों की पारी खेली। उन्होंने 19 चौके और तीन छक्के लगाए। इस पारी की मदद से समरसेट ने 348 रन बनाए। एसेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाए।


