दुनिया ने खोया एक रेसलिंग लीजेंड, हार्ट अटैक बना हल्क होगन की मौत का कारण

0

नई दिल्ली: महान अमेरिकी रेसलर हल्क होगन का निधन पिछले सप्ताह हार्टअटैक के कारण हुआ था। फ्लोरिडा के मेडिकल परीक्षक ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) को जारी अपनी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की है। मेडिकल परीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, जब हल्क होगन की मौत हुई, तब वह 71 साल के थे और उनका असली नाम टेरी बोलिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें पहले से ही ब्लड कैंसर (ल्यूकेमिया) और दिल की धड़कन की बीमारी (एट्रियल फिब्रिलेशन) थी।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने उन्हें सम्मान देने के लिए शुक्रवार को ‘हल्क होगन दिवस’ घोषित किया है। इस दिन फ्लोरिडा के सभी सरकारी भवनों पर झंडे आधे झुकाए जाएंगे। रिपब्लिकन गवर्नर ने कहा कि हल्क होगन एक सच्चे फ्लोरिडावासी थे। पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई की सुबह जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा, तो डॉक्टर क्लियरवॉटर स्थित उनके घर पहुंचे। लेकिन 90 मिनट से भी कम समय में उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि मौत ‘स्वाभाविक कारणों’ से हुई। हल्क होगन की पत्नी स्काई डेली ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें उम्मीद थी कि होगन अपनी बीमारियों से उबर जाएंगे, लेकिन यह सब अचानक हो गया। उन्होंने कहा, ‘दुनिया के लिए वह एक सुपरस्टार थे, लेकिन मेरे लिए वह मेरे टेरी थे।’

हल्क होगन WWE के सबसे बड़े सितारों में से एक माने जाते थे। 1985 में पहले रेसलमेनिया में वह मुख्य आकर्षण थे और उन्होंने कई बड़े पहलवानों से मुकाबला किया था- जैसे आंद्रे द जाइंट, द रॉक, और विंस मैकमोहन। उनकी बेटी ब्रुक बोलिया ओलेक्सी, जिन्हें ब्रुक होगन के नाम से जाना जाता है, ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मैं बहुत आभारी हूं कि मैं उनके असली रूप को जानती थी। सिर्फ उस रूप को नहीं जिसे दुनिया ने एक खास नजरिये से देखा।’ होगन के अंतिम संस्कार की योजना अभी तक सार्वजनिक रूप से घोषित नहीं की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here