नई दिल्ली: एशियाई कप 2027 क्वालिफायर्स में भारतीय फुटबॉल टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। पांच मुकाबलों के बाद भी टीम जीत का स्वाद नहीं चख सकी है और उसे तीसरी पराजय का सामना करना पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम को 183वीं रैंक वाली बांग्लादेश ने मात दे दी। मंगलवार, 18 नवंबर को ढाका में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने 0-1 से जीत दर्ज की।
एशियाई कप 2027 में जगह बनाने की दौड़ से भारतीय फुटबॉल टीम पहले ही बाहर हो चुकी है। बांग्लादेश के लिए शेख मुरसलीन ने ग्रुप सी के इस मैच के 11वें मिनट में मुकाबले का इकलौता गोल दागा और यही भारत की हार का कारण बन गया। भारत को 31वें मिनट में गोल करने का सुनहरा मौका मिला था जब बांग्लादेश के गोलकीपर मितुल मार्मा के गोल पोस्ट से दूर थे।
इसके बावजूद लालियानजुआला चांगटे गोल करने के बिल्कुल करीब पहुंचकर भी चूक गए। बॉक्स के पास से उनके दाएं पैर से लगाए गए शॉट को हमजा चौधरी ने हेड से रोक दिया। पहले हाफ में टचलाइन के पास दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ियों के बीच हल्की हाथापाई भी हुई, लेकिन रेफरी ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। भारत का अभियान 14 अक्टूबर को ही मडगांव, गोवा में सिंगापुर के खिलाफ 1-2 की हार के साथ समाप्त हो गया था।
हालांकि यह मुकाबला किसी भी टीम के लिए टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की दृष्टि से महत्व नहीं रखता था, क्योंकि भारत के साथ बांग्लादेश भी पहले ही 2027 के महाद्वीपीय टूर्नामेंट की दौड़ से बाहर हो चुका था। पांच मैचों में तीन हार और दो ड्रॉ के साथ भारत के केवल दो अंक हैं, जिससे वह चार टीमों वाले ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर है। दूसरी ओर, बांग्लादेश ने पांच मैचों में अपनी पहली जीत दर्ज की है और पांच अंकों के साथ ग्रुप तालिका में तीसरे स्थान पर काबिज है। दोनों टीमों के बीच पहले चरण का मुकाबला 25 मार्च को शिलांग में गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
यह मुकाबला 2003 के सैफ गोल्ड कप के बाद 22 वर्षों में बांग्लादेश की धरती पर भारत का पहला मैच था। दिलचस्प बात यह है कि आखिरी बार 22 साल पहले हुए उस मुकाबले में भी मेजबान बांग्लादेश ने इसी मैदान पर भारत को 2-1 से हराया था। वर्तमान में भारत फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश 183वें स्थान पर मौजूद है। भारत 2027 एशियाई कप क्वालिफायर का अपना अंतिम मैच 31 मार्च 2026 को घरेलू मैदान पर हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ खेलेगा।

