T20 World Cup में इस बार 20 टीमों को पांच-पांच के चार ग्रुप में बांटा गया है

0

नई दिल्ली: अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी-20 विश्व कप में इस बार 20 टीमों को पांच-पांच के चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ‘डी’ में एक बार की चैंपियन श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स और नेपाल को शामिल किया गया है। इस ग्रुप से श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका मजबूत टीम है, जो अगले दौर में पहुंचने की मजबूत दावेदार हैं। श्रीलंका 2014 विजेता और 2012 में उपविजेता बना था। दक्षिण अफ्रीका की टीम 2009, 2014 के विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी।

श्रीलंका : (विजेता-2014)
श्रीलंका 2014 के टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत को हराकर चैंपियन बना था। इससे पहले, 2012 में वे उपविजेता रहे थे। श्रीलंका सबसे प्रमुख टीमों में से एक है। इस वर्ष श्रीलंकाई टी-20 विश्व कप टीम के कप्तान वानिंदु हसरंगा होंगे। टीम में हसरंगा के अलावा कुसल मेंडिस, मथीशा पथिराना और नुवान तुषारा जैसे खिलाड़‍ियों पर नजरें होंगी।

दक्षिण अफ्रीका: दक्षिण अफ्रीका की टीम 2009 और 2014 में आईसीसी टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है, लेकिन कभी इससे आगे नहीं जा सकी। इस विश्व कप में एडेन मार्करम के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका इस तिलिस्म को तोड़ना चाहेगा। टीम को मार्करम के साथ क्विंटन डी कॉक, एनरिच नॉर्ट्जे, ट्रिस्टन स्टब्स और हेनरिक क्लासेन से काफी उम्मीदें होंगी।

बांग्लादेश: टी-20 विश्व कप के लिए बांग्लादेश की टीम में कई युवा प्रतिभाएं हैं। हमने इस आईपीएल टूर्नामेंट में कुछ खिलाड़‍ियों को खेलते हुए देखा है और उनके प्रदर्शन को देखकर ऐसा लगता है कि वे इस विश्व कप टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं। टीम की अगुआई नजमुल हुसैन शान्तो करेंगे। टी-20 विश्व कप में अब तक खेले गए 38 मैचों में बांग्लादेश ने नौ में ही जीत प्राप्त की है।

नीदरलैंड्स: टी-20 विश्व कप में नीदरलैंड्स की टीम छठी बार भाग लेने जा रही है। हाल के महीनों में टीम इस प्रारूप में कुछ खास नहीं कर पाई है। लेकिन स्काट एडव‌र्ड्स की कप्तानी में वह इस विश्व कप में बेहतर करने की पूरी कोशिश करेंगे, क्योंकि टीम ने कई मौके पर विरोधी टीमों को चकमा दिया है।

नेपाल: 10 वर्ष बाद टी-20 विश्व कप नेपाल खेलेगा। अब टीम दूसरी बार बड़ी प्रतियोगिता में शिरकत करेगी। इस वर्ष टी-20 विश्व कप टूर्नामेंट 2024 में नेपाल क्रिकेट टीम का नेतृत्व रोहित पौडेल करेंगे। टूर्नामेंट दो जून 2024 को संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा के बीच पहले मैच के साथ शुरू होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here