नई दिल्ली: बाएँ हाथ के भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा को हाल ही में इंडिया ए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। इस टीम ने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ तीन अनौपचारिक वनडे मैचों की सीरीज 2-1 से जीतकर सफलता हासिल की। लेकिन कप्तान के रूप में तिलक का बल्लेबाजी प्रदर्शन निराशाजनक रहा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज से पहले उनके पास टीम इंडिया के वनडे स्क्वाड में वापसी का सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने अपने ही प्रदर्शन से इसे गंवा दिया।
तिलक वर्मा की बात करें तो उन्हें भविष्य में टी20 के अलावा वनडे के भी एक अहम खिलाड़ी के तौर पर देखा जाता है। इसलिए उनको टी20 में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वनडे में प्रमोट करने के लिए इंडिया ए वनडे टीम की कमान सौंपी गई। मगर उन्होंने इस सीरीज में निराश किया और तीन मैचों में एक बार भी 40 रन तक का आंकड़ा नहीं छू पाए। वहीं उनका स्ट्राइक रेट भी इस दौरान सवालों के घेरे में रहा।
साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ वनडे सीरीज में तिलक का प्रदर्शन
पहला वनडे: 39 रन (58 गेंद), स्ट्राइक रेट- 67
दूसरा वनडे: 29 रन (62 गेंद)*, स्ट्राइक रेट- 46
तीसरा वनडे: 11 रन (23 गेंद), स्ट्राइक रेट- 47
उपरोक्त आंकड़े स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ अपना सुनहरा मौका गंवा दिया। वर्तमान में उनकी जगह टी20 टीम में पक्की है, लेकिन उनकी प्रतिभा उन्हें तीनों फॉर्मेट में खेल सकने वाला खिलाड़ी साबित करती है। हालांकि, टीम इंडिया की अन्य दो फॉर्मेट—लिस्ट ए और फर्स्ट क्लास—में उन्हें स्थान मिलने का आधार उनका इन फॉर्मेट में प्रदर्शन होगा।
तिलक वर्मा ने 2023 में वनडे में किया था पदार्पण
तिलक वर्मा ने सितंबर 2023 में वनडे डेब्यू किया था, जो कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 से पहले का था। आखिरी बार उन्होंने दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच खेले थे, और उसके बाद से वह लगभग दो साल से भारत की वनडे टीम से बाहर हैं। अब तक चार वनडे मैचों में उनके नाम सिर्फ 68 रन हैं, जिसमें 52 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। यह सही मौका था जब वह अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर सकते थे और टीम इंडिया में वापसी कर सकते थे, खासकर तब जब उपकप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल हैं और कप्तान शुभमन गिल की वनडे सीरीज में भागीदारी पर सवाल उठ रहे हैं।
इस प्रदर्शन के बाद तिलक वर्मा की भारतीय वनडे टीम में वापसी अब मुश्किल नजर आ रही है। दूसरी ओर, ऋतुराज गायकवाड़ ने तीन मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक समेत 210 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता। इस शानदार प्रदर्शन के बाद अगर तिलक का चयन ऋतुराज से पहले होता है, तो यह बिल्कुल नाइंसाफी माना जाएगा। इस तरह तिलक ने एक महत्वपूर्ण मौका गंवाया और अपनी वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर लिया। 30 नवंबर से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, लेकिन टीम का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है।


