आईपीएल 2027 के पहले मैच से निलंबित हुए टिम डेविड, अंपायर की ओर आइस बैग फेंकने पर कार्रवाई

0

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को आईपीएल 2027 के पहले मैच से निलंबित कर दिया गया है। आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उन पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना भी लगाया गया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल में डेविड ने गुजरात की पारी के 10वें ओवर के दौरान अंपायर नितिन मेनन की दिशा में आइस बैग फेंका था। इस घटना को आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन की श्रेणी में रखा गया। इस मामले में डेविड को दो डिमेरिट अंक दिए गए, जिसके बाद आईपीएल 2026 सीजन में उनके कुल डिमेरिट अंक बढ़कर पांच हो गए। आईपीएल नियमों के अनुसार किसी खिलाड़ी के पांच डिमेरिट अंक होने पर उसे अगले सीजन के पहले मैच से निलंबित किया जाता है।

इससे पहले भी डेविड दो अलग-अलग मौकों पर आचार संहिता का उल्लंघन कर चुके थे। मैच संख्या 20 में उन्हें एक डिमेरिट अंक मिला था, जबकि मैच संख्या 54 में हुए उल्लंघन के लिए दो डिमेरिट अंक दिए गए थे। फाइनल में मिले दो अतिरिक्त अंकों के साथ उनका कुल आंकड़ा पांच तक पहुंच गया। आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के तहत किसी खिलाड़ी, अधिकारी, अंपायर या अन्य व्यक्ति की ओर गेंद, क्रिकेट उपकरण या किसी अन्य वस्तु को अनुचित या खतरनाक तरीके से फेंकना दंडनीय अपराध माना जाता है। इसी नियम के तहत डेविड पर कार्रवाई की गई। यदि टिम डेविड अगले सीजन में किसी अन्य फ्रेंचाइजी से खेलते हैं, तब भी निलंबन उनके उस टीम के पहले मैच पर लागू होगा।

हालांकि मैदान पर डेविड का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा। उन्होंने 16 मैचों में 305 रन बनाए। उनका औसत 33.89 और स्ट्राइक रेट 188.27 रहा। उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया और नाबाद 70 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। पूरे सीजन में उन्होंने 22 चौके और 23 छक्के लगाए। उधर, आरसीबी ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया। विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की मैच विजयी पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here